
किसानों की समस्याओं को दूर करने की भारतीय किसान यूनियन ने की मांग
Auraiya News - भारतीय किसान मजदूर यूनियन स्वदेशी ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने फसल खरीद, सड़क मरम्मत और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान जल्द करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे शांतिपूर्ण आंदोलन तेज करेंगे।
औरैया। भारतीय किसान मजदूर यूनियन स्वदेशी ने किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी समस्याओं को तत्काल दूर किए जाने की मांग उठाई। यूनियन का कहना है कि फसल खरीद, सड़क मरम्मत और सिंचाई से जुड़ी बाधाएं लंबे समय से किसानों को परेशान कर रही हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समाधान पर ध्यान नहीं दे रहे। किसानों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि गेहूं और धान की फसल की एमएसपी पर अनिवार्य खरीद सुनिश्चित की जाए।

साथ ही खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। फसल बेचने के दौरान किसानों को लाइन, रजिस्ट्रेशन और भुगतान में हो रही देरी तत्काल बंद की जाए, ताकि किसान आर्थिक संकट से बाहर निकल सकें। इसके साथ ही ज्ञापन में औरैया तहसील की ग्राम पंचायत जुआ की चकरोड को कब्जा मुक्त कर मनरेगा से मिट्टी डलवाने की मांग की गई है। किसानों ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध होने से आवागमन में भारी परेशानी होती है तथा खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। इसी तरह अछल्दा तथा बिधूना में सुविधा कंपलेक्स जर्जर हालत में बंद पड़े हैं, जिससे वहां से गुजरने वाले यात्रियों को भारी दिक्कत होती है। यूनियन ने मांग की कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर सुविधा कॉम्पलेक्सों की मरम्मत एवं संचालन कार्य शुरू कराए। यूनियन प्रतिनिधियों ने स्पष्ट आरोप लगाया कि जिले में किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन शांतिपूर्ण आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर भारतीय किसान मजदूर यूनियन स्वदेशी के पदाधिकारी मुकेश पोरवाल मंडल अध्यक्ष, अशोक कुमार शर्मा, सूर्यभान, अनिल कुमार, सुनीता शर्मा महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष, वीरेंद्र कुमार शर्मा समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




