
लूट की झूठी सूचना देना युवक को पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज
Auraiya News - एक युवक ने लूट की झूठी सूचना दी, जो उसे महंगी पड़ी। पुलिस ने जांच के बाद पाया कि यह लूट नहीं, बल्कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद हुई मारपीट थी। युवक के खिलाफ झूठी सूचना देने के मामले में कार्रवाई की गई और उसे न्यायालय भेज दिया गया।
लूट की झूठी सूचना देना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले की जांच में सत्य सामने आने पर शिकायतकर्ता के खिलाफ झूठी सूचना देने का मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। मोटरसाइकिल की आपसी टक्कर के बाद हुई मारपीट को लूट की घटना बताने पर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई, मगर तथ्य जांच में बदल गए। जानकारी के मुताबिक, अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के दया नगर बीसलपुर निवासी अभिषेक पुत्र कैलाश नायक ने बुधवार सुबह 112 नंबर पर कॉल कर आरोप लगाया कि बंबा के पास दो बाइक सवारों ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि 50 हजार रुपये और बाइक की चाबी भी छीन ली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास मौजूद भट्ठा मजदूरों तथा अन्य लोगों से पूछताछ और सीसी नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस ने दोपहर बाद मारपीट करने वाले दोनों युवकों की पहचान कर ली। कोतवाली पुलिस ने बताया कि जांच में मामला लूट का नहीं, बल्कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद हुई मारपीट का निकला। पुलिस ने दोनों आरोपित अभिषेक पुत्र रामपाल, निवासी सेंगनपुर तथा शिवा पुत्र राजेश निवासी सिद्धार्थ नगर बाबरपुर के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की। वहीं लूट की झूठी सूचना देने पर चौकी प्रभारी अटसू रामपुत्र सिंह की तहरीर पर दया नगर बीसलपुर निवासी अभिषेक पुत्र कैलाश के खिलाफ आईपीसी की धारा 212 में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि युवक द्वारा दी गई लूट की सूचना असत्य पाई गई। मामला सिर्फ मारपीट का था। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




