बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा निष्पक्ष व नकलविहीन कराने के निर्देश
उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर व्यवस्था, सीसीटीवी की निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। परीक्षा 31 मई को आयोजित होगी।

औरैया, संवाददाता। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी का पूरी ईमानदारी और लगन से निर्वहन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता न होने पाए।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेटों से समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने और परीक्षा अवधि में मुख्यालय पर ही मौजूद रहने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी पूर्व में ही उपलब्ध करा दी जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर सुचारु रूप से संचालित रहें। इसके अलावा शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर और बाउंड्री वॉल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 जनपद के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 1422 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रतिनिधि और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, उप जिलाधिकारी अजीतमल गरिमा सोनकिया, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


