ईओ का तबादला, एसडीएम अजीतमल को चार्ज
नगर पंचायत दिबियापुर के अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सिंह का तबादला हो गया। अब अजीतमल के एसडीएम को दिबियापुर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। पिछले कई महीनों से विकास...
नगर पंचायत दिबियापुर के अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सिंह का तबादला हो गया। अब अजीतमल के एसडीएम को दिबियापुर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। पिछले कई महीनों से विकास कार्यों में प्रगति न होने के कारण चेयरमैन एवं सभासदों ने शासन में ईओ के खिलाफ लिखापढ़ी की थी।
बताते हैं कि दिबियापुर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सिंह मई 2018 में अछल्दा नगर पंचायत से स्थानांतरित होकर आए थे। इसके बाद भी नगर पंचायत दिबियापुर विकास की ओर अग्रसर नहीं हो पाया। जहां एक ओर जैम पोर्टल के माध्यम से विभिन्न सामानों का क्रय भी नहीं हो पा रहा था। वहीं कई अन्य समस्याएं भी जस की तस पड़ी थी। दीपावली पर लाइटों की खरीददारी न हो पाने से दीपावली पर नगर में अंधेरा छाया था। चेयरमैन अरविंद पोरवाल एवं सभासदों ने अपने स्तर पर बल्ब स्ट्रीट लाइटों के स्थान पर लगवाए थे। सफाई के लिए कूड़ा गाड़ियों की खरीद भी जैम पोर्टल से न हो पाने के कारण सफाई कर्मी खासे नाराज थे। नगर में सफाई का कार्य भी प्रभावित हो रहा था।
कई बार इसकी शिकायत सफाई कर्मियों ने अधिशाषी अधिकारी एवं अध्यक्ष से की थी। दीपावली जैसे त्योहार पर आउट सोर्सिंग के कर्मचारियों को वेतन न मिल पाने से नगर पंचायत अध्यक्ष एवं ईओ के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए थे। समस्याओं का निदान न होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद पोरवाल एवं कई सभासदों ने अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सिंह के खिलाफ शासन को लिखा पढ़ी की थी। इसी क्रम में 12 दिसंबर को प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने आदेश जारी किया कि सुनील कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से दिबियापुर नगर पंचायत से स्थानांतरित किया जाता है। अधिशाषी अधिकारी दिबियापुर के रिक्त पद का अतिरिक्त चार्ज उपजिलाधिकारी अजीतमल विजय प्रताप सिंह को सौंपा है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद पोरवाल का कहना है कि उन्हें दोनों आदेशों के संबंध में जानकारी है। बताया कि जल्द ही एसडीएम अजीतमल द्वारा नगर पंचायत दिबियापुर के अधिशाषी अधिकारी का अतिरिक्त चार्ज ग्रहण किया जाएगा। इसके बाद नगर में विकास कार्य निश्चित तौर पर तेजी पकड़ सकेंगे।