
कृषि विज्ञान केंद्र में महिलाओं को मिली बड़ी मेकर मशीन
Auraiya News - कृषि विज्ञान केंद्र औरैया में अनुसूचित जाति योजना के तहत एक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें कृषक महिलाओं को बड़ी बनाने का आधुनिक यंत्र प्रदान किया गया। वैज्ञानिक डॉ. रश्मि यादव ने महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। यह मशीन उन्हें कम समय में अच्छी गुणवत्ता की बड़ी बनाने में मदद करेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
कृषि विज्ञान केंद्र औरैया में अनुसूचित जाति योजना कार्यक्रम के अंतर्गत अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी बनाने का आधुनिक यंत्र कृषक महिलाओं को प्रदान किया गया, ताकि वे कम समय में बेहतर गुणवत्ता की बड़ी बनाकर आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं वैज्ञानिक डॉ. रश्मि यादव ने महिलाओं को बड़ी मेकर का उपयोग कर स्वयं के स्तर पर रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है, जिसमें बड़ी की काफी मांग रहती है। ऐसे में यह मशीन महिलाओं के लिए आय बढ़ाने का एक सशक्त साधन बन सकती है।
उन्होंने बताया कि मशीन से बड़ी बनाने में बहुत कम समय लगता है और बड़ी की एकरूपता भी बनी रहती है, जिससे बाजार में अच्छी कीमत मिल सकती है। डॉ. रश्मि यादव ने मौके पर 100-100 ग्राम बड़ी बनाकर प्रैक्टिकल भी कराया। बड़ी मेकर मशीन से 100 ग्राम बड़ी मात्र 35 सेकंड में तैयार हो गई, जबकि हाथ से उतनी ही बड़ी बनाने में 5 मिनट 4 सेकंड का समय लगा। इस प्रदर्शन ने महिलाओं में तकनीकी उपकरणों को अपनाने के प्रति उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के पशु वैज्ञानिक डॉ. बृज विकास सिंह, अभियंत्रित वैज्ञानिक डॉ. कमलकांत और कार्यक्रम सहायक डॉ. अंकुर झा मौजूद रहे। वैज्ञानिकों ने महिलाओं को मशीन के संचालन, रखरखाव और बड़ी के बेहतर उत्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। स्थानीय महिलाओं ने उम्मीद जताई कि यह यंत्र उनके लिए घर बैठे रोजगार का नया माध्यम बनेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




