15 दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, ओवरलोड से केबल में लगी आग

Newswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share

Auraiya News - रुरुगंज में बिजली विभाग की लापरवाही से 25 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों से फुंका हुआ है। इससे जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई 250 केवी ट्रांसफार्मर से जोड़ी गई, जिससे ओवरलोडिंग के कारण आग लग गई। स्थानीय लोग नाराज हैं और नए ट्रांसफार्मर की मांग कर रहे हैं।

15 दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, ओवरलोड से केबल में लगी आग

रुरुगंज, संवाददाता। बिधूना तहसील क्षेत्र के कस्बा रुरुगंज में बिजली विभाग की लापरवाही उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। जनता इंटर कॉलेज के पास रखा 25 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले करीब 15 दिनों से फुंका पड़ा है। इसके चलते उससे जुड़े करीब 50 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई दूसरे 250 केवी ट्रांसफार्मर से जोड़ दी गई, जिससे ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार बढ़ गया। ओवरलोडिंग के कारण शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे विद्युत केबल में आग लग गई। केबल में आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने धुआं और चिंगारियां उठती देख तत्काल आसपास के लोगों को सतर्क किया।

लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।जानकारी के अनुसार नेवलगंज विद्युत उपकेंद्र से कस्बा रुरुगंज में बिजली आपूर्ति की जाती है। जनता इंटर कॉलेज के पास रखे दोनों ट्रांसफार्मरों से अलग-अलग मोहल्लों को सप्लाई दी जाती थी। लेकिन 25 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के बाद अछल्दा-बिधूना मार्ग पर बने घरों और दुकानों की लाइन भी 250 केवी ट्रांसफार्मर से जोड़ दी गई। लगातार बढ़ते लोड के चलते अब दूसरा ट्रांसफार्मर भी दबाव में आ गया है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से मोहल्ले में लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। घरों में पंखे धीमी गति से चल रहे हैं, कूलर और फ्रिज ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है। वहीं रात में बार-बार बिजली ट्रिपिंग होने से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक उसे बदलने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में नेवलगंज उपकेंद्र के अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही फुंका ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।