
मतदेय स्थलों का होगा बड़ा पुनर्गठन, औरैया में संख्या बढ़कर 1300 होगी
संक्षेप: Auraiya News - - 19 से 21 नवम्बर के बीच प्रस्ताव भेजे जाएंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी कोफोटो: 12 मानस सभागार में बैठक के दौरान जानकारी देते डीएम।औरैया, संवाददाता।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले में...
औरैया, संवाददाता। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले में 1200 से अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों का व्यापक सम्भाजन किया जा रहा है। इसके तहत पूर्व में 854 मतदान केन्द्रों पर स्थित 1139 मतदेय स्थलों की संख्या बढ़ाकर अब 1300 की जाएगी। यह जानकारी मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मानस सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने दी। डीएम ने बताया कि सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए किसी भी मतदान केन्द्र पर छह से अधिक मतदेय स्थल नहीं होंगे। आयोग के निर्देशों के अनुसार 1200 से अधिक मतदाता वाले प्रत्येक मतदेय स्थल का सम्भाजन कर नया मतदेय स्थल सृजित किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मजरों के आधार पर मतदाताओं का ऐसा विभाजन किया गया है कि एक ही परिवार के सभी मतदाता एक ही मतदेय स्थल पर दर्ज रहें। तीनों विधानसभाओं में बढ़ी संख्या डीएम ने बताया कि सम्भाजन के बाद बिधूना विधानसभा 202 के 286 मतदान केन्द्रों पर 404 से बढ़कर 471 मतदेय स्थल हो जाएंगे। इसी प्रकार दिबियापुर विधानसभा 203 में 289 मतदान केन्द्रों पर 361 से बढ़कर 410 और औरैया अजा विधानसभा 204 में 287 मतदान केन्द्रों पर 374 से बढ़कर 419 मतदेय स्थल सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभाओं के मतदेय स्थलों को रनिंग सीरियल नंबर दिए जाएंगे और किसी भी प्रकार का आक्जिलरी मतदान केन्द्र अब नहीं रखा जाएगा। 19 से 21 नवम्बर के बीच सभी संलग्नकों सहित प्रस्ताव को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा। डीएम ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की समय-सारिणी पर भी विस्तार से जानकारी दी। 4 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और संग्रह करेंगे। 9 दिसम्बर 2025 को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशित होगा। 9 दिसम्बर से 8 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जाएंगी। 31 जनवरी 2026 तक नोटिस, सुनवाई, सत्यापन और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। डीएम ने कहा कि बीएलओ यह सुनिश्चित करेंगे कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग तथा निर्धन मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में कोई कठिनाई न हो। प्रपत्र में मतदाता का नाम, फोटो पहचान संख्या, भाग संख्या आदि पहले से भरे होंगे और मतदाता से नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा कराई जाएगी। फॉर्म जमा होने पर बीएलओ उसकी एक प्रति अपने पास रखेंगे तथा दूसरी पर हस्ताक्षर कर पावती के रूप में मतदाता को देंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने वालों का भी घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। सभी प्रपत्र मोबाइल एप के माध्यम से अपलोड किए जाएंगे और उप जिलाधिकारी कार्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे। डीएम ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल अभिकर्ताओं की सूची जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि बीएलओ उनसे समन्वय स्थापित कर सकें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, बिधूना की विधायक रेखा वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, बसपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार गौतम, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष दिलीप तिवारी, एसडीएम सदर अजय आनंद वर्मा, एसडीएम अजीतमल निखिल राजपूत, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




