पति की मौत के बाद पारिवारिक पेंशन के लिए भटक रही वृद्धा

Mar 07, 2026 06:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share

Auraiya News - बिधूना की एक वृद्ध महिला पिछले डेढ़ महीने से अपने पति की मृत्यु के बाद पारिवारिक पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रही है। शनिवार को समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला ने पेंशन के लिए आवश्यक कागजात जमा किए थे लेकिन अब तक पेंशन शुरू नहीं हो सकी है।

पति की मौत के बाद पारिवारिक पेंशन के लिए भटक रही वृद्धा

बिधूना, संवाददाता। पति की मौत के बाद पारिवारिक पेंशन के लिए एक वृद्ध महिला पिछले डेढ़ माह से दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में महिला ने अपनी पीड़ा सुनाई तो जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। कुदरकोट निवासी गंगाश्री ने बताया कि उनके पति स्व. रामप्रकाश तहसील बिधूना में चपरासी पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उन्हें पेंशन मिलती थी। पति की मृत्यु के बाद उन्होंने पारिवारिक पेंशन के लिए आवेदन किया, लेकिन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण अब तक पेंशन शुरू नहीं हो सकी है।

महिला का कहना था कि वह करीब डेढ़ माह पहले जरूरी कागजात जमा कर चुकी हैं, लेकिन अब तक रिपोर्ट आगे नहीं बढ़ाई गई। उम्र और बीमारी के कारण वह आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं और इलाज तक नहीं करा पा रही हैं। महिला की समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सात दिन के भीतर कार्रवाई कर महिला को राहत दिलाई जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जमीन पर कब्जा, विरासत और अन्य समस्याओं से जुड़े कई मामले भी सामने आए। सराय प्रथम निवासी कृपाराम ने अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत की, जबकि पूर्वा भग्गा निवासी कंचन देवी ने अपने दिवंगत पति की जमीन में नाम दर्ज कराने की गुहार लगाई। कार्यक्रम के दौरान कुल 149 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, उपजिलाधिकारी गरिमा सोनकिया समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।