मधुमक्खियों के हमले में बुजुर्ग घायल
Auraiya News - ग्राम पुर्वा भीखा में मधुमक्खियों के हमले से 85 वर्षीय अखिलेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मंदिर के पास एक पेड़ पर स्थित छत्ते से मधुमक्खियां उग्र हो गईं और बुजुर्ग पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोग प्रशासन से छत्तों को हटाने की मांग कर रहे हैं।

सहार, संवाददाता। थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पुर्वा भीखा में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह साहस दिखाते हुए उन्हें मधुमक्खियों के झुंड से बचाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार 85 वर्षीय अखिलेश चंद्र गांव स्थित मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर रहे थे। मंदिर के पास एक पेड़ पर बड़ी संख्या में मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि अचानक एक चिड़िया छत्ते से टकरा गई, जिससे मधुमक्खियां उग्र हो गईं और उन्होंने पास में मौजूद बुजुर्ग पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर डंक मारे, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने धुआं कर किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन अधिक आयु को देखते हुए उन्हें निगरानी में रखा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के सार्वजनिक स्थानों पर लगे बड़े मधुमक्खी छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



