ईदगाहों में गूंजी तकबीरें, हजारों नमाजियों ने मांगी अमन-चैन की दुआ

हिन्दुस्तान, औरैया
Follow us on Google News
share

नगर में गुरुवार को ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व हर्षोल्लास और शांति के माहौल में मनाया गया। मुस्लिम समुदाय ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। इस दौरान कुर्बानी का महत्व समझाया गया और कानून का पालन करने की अपील की गई।

ईदगाहों में गूंजी तकबीरें, हजारों नमाजियों ने मांगी अमन-चैन की दुआ

फफूंद, संवाददाता। नगर में गुरुवार को ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व हर्षोल्लास और अमन के माहौल में मनाया गया। इस दौरान नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। नगर के बाईपास स्थित मुख्य ईदगाह में सुबह साढ़े छह बजे आस्ताना आलिया समदिया के सज्जादानशीन सैय्यद अख्तर मियां चिश्ती की सरपरस्ती में पेश इमाम सैयद नवाज अख्तर उर्फ चिश्ती मियां ने हजारों नमाजियों को ईद-उल-जुहा की नमाज अदा कराई।

नमाज से पहले सज्जादानशीन सैय्यद अख्तर मियां चिश्ती ने तकरीर करते हुए कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों से कानून के दायरे में रहकर पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए, जिससे दूसरे समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हों।वहीं बाबा का पुरवा स्थित ईदगाह में सुबह साढ़े सात बजे हाफिज अदील ने सैकड़ों लोगों को नमाज अदा कराई। नगर की जामा मस्जिद आस्ताना आलिया समदिया में पेश इमाम कारी अय्यूब चिश्ती ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद सभी ईदगाहों और मस्जिदों में देश में शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की गई। बकरीद के मौके पर मुस्लिम समाज में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों से नमाजी ईदगाहों की ओर जाते नजर आए। नमाज के बाद साहिबे निसाब लोगों ने अल्लाह की राह में जानवरों की कुर्बानी पेश की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रदीप यादव, प्रबंधक इजहार अहमद खान, नगर पंचायत अध्यक्ष अनवर कुरैशी और वहाब अंसारी समेत कई लोगों ने ईदगाह पहुंचकर लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष अजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत की ओर से ईदगाह मार्गों पर सफाई, चूना छिड़काव और ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।