शाह जमाल मस्जिद में गूंजी ईद की तकबीरें, मांगी अमन-चैन और खुशहाली की दुआ

Newswrap हिन्दुस्तान, औरैया
Follow us on Google News
share

औरैया की ऐतिहासिक शाह जमाल मस्जिद में ईद उल जुहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। हजारों नमाजियों ने सामूहिक नमाज अदा की और एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की। समाजवादी पार्टी ने विशेष शुभकामना शिविर भी लगाया।

शाह जमाल मस्जिद में गूंजी ईद की तकबीरें, मांगी अमन-चैन और खुशहाली की दुआ

औरैया, संवाददाता। शहर की ऐतिहासिक शाह जमाल मस्जिद में गुरुवार को ईद उल जुहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक उत्साह, आस्था और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए परिधानों में मस्जिद पहुंचने लगे। नमाज से पहले मस्जिद परिसर और आसपास का इलाका नमाजियों की भीड़ से गुलजार रहा। तय समय पर इमाम की अगुवाई में हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

पूरे मस्जिद परिसर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से मस्जिद के बाहर विशेष शुभकामना शिविर लगाया गया। शिविर में आने-जाने वाले लोगों का स्वागत कर उन्हें ईद उल जुहा की शुभकामनाएं दी गईं। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने लोगों से मुलाकात कर बकरीद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी त्योहार समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बढ़ाने का संदेश देते हैं। लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने और मिलजुलकर रहने की अपील भी की गई। कार्यक्रम में सपा नेता लालजी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, राजनारायण बघेल, अनवर यादव, पप्पू नेता, राजकुमार गौतम, हरीशंकर यादव, नरेंद्र पाल, गणेश सिंह, अनीश, आदिल खान, शफीक खान समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।