
दिबियापुर मंडी में धान क्रय केंद्र का डीएम किया निरीक्षण
संक्षेप: Auraiya News - - किसानों की सुविधा के लिए दिए सख्त निर्देश- तौल, भुगतान, माप-तौल मशीनें, छाया, पीने के पानी की व्यवस्था और फसल संरक्षण की बेहतर रहनी चाहिए व्यवस्थाफोटो: 3 दिबियापुर में क्रय केन्द्र का निरीक्षण करते...
फोटो: 3 दिबियापुर में क्रय केन्द्र का निरीक्षण करते डीएम। 4 हरचन्द्रपुर बी-पैक्स समिति का निरीक्षण करते डीएम। दिबियापुर, संवाददाता। धान खरीद प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने गुरुवार को मंडी समिति दिबियापुर पहुंचकर आरएफसी द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रय केंद्र पर मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी किसान को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि केंद्र पर सभी आधारभूत सुविधाएं जैसे तौल, भुगतान, माप-तौल मशीनें, छाया, पीने के पानी की व्यवस्था और फसल संरक्षण की व्यवस्था बेहतर स्थिति में बनी रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजरा क्रय की स्थिति भी देखी और भीखापुरवा निवासी किसान महेश चंद्र से उनकी उपज की तौल के संबंध में बातचीत की। उन्होंने किसान से फसल उत्पादन, कीमत और क्रय प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं इलेक्ट्रॉनिक काटे की सटीकता और उसकी विश्वसनीयता की जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि मशीनें सुचारु रूप से कार्य करती रहें और किसानों को तौल में किसी भी प्रकार की समस्या न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि धान क्रय की गति में तेजी लाई जाए ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक किसानों से उपज खरीदी जा सके और क्रय लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों की उपज का मूल्य समय पर भुगतान हो और शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। हरचन्द्रपुर बी-पैक्स समिति में भी किया निरीक्षण धान क्रय केंद्र निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी डॉ. त्रिपाठी हरचन्द्रपुर स्थित बी पैक्स समिति लिमिटेड पहुंचे। वहां उन्होंने खाद की उपलब्धता की समीक्षा की और किसानों को समय पर खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति भवन की जर्जर स्थिति देखकर असंतोष जताया और मौके पर उपस्थित ब्लॉक प्रमुख अछल्दा शरद राणा से बातचीत की। ब्लॉक प्रमुख ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही भवन की मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा जिलाधिकारी ने पुलिस चौकी और सहकारी संघ पूर्ति भंडार के जर्जर भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि इन भवनों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए ताकि यहां कार्यरत कर्मियों और ग्रामीणों को असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी बृजेश यादव, एआर कोऑपरेटिव संजीव कुमार गौतम, प्रभारी पुलिस चौकी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि शासन की मंशा किसानों को सुविधा देना है, इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि किसान अपनी उपज बेचते समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करें और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखी जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




