जिलाधिकारी की अनोखी पहल, गरीब बच्चों संग मनाई होली
Auraiya News - ककोर में डीएम सर की निशुल्क कोचिंग पाठशाला में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। जिलाधिकारी ने जरूरतमंद बच्चों के साथ रंग खेला, योग सिखाया और जूते-चप्पलें वितरित की। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखने का महत्व बताया। इस पहल से गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।

ककोर, संवाददाता। जनपद मुख्यालय ककोर स्थित डीएम सर की निशुल्क कोचिंग पाठशाला में सोमवार को रंगों का पर्व होली उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इंद्रमणि त्रिपाठी ने बच्चों के बीच पहुंचकर करीब सौ से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के साथ गुलाल और रंग खेलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के साथ योग एवं एक्सरसाइज से हुई। जिलाधिकारी ने स्वस्थ जीवनशैली का महत्व बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ रंग-गुलाल खेला, जिससे मुख्यालय परिसर में उल्लास का माहौल बन गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अपने निजी स्तर से जरूरतमंद बच्चों को जूते व चप्पलें वितरित कीं।
नई चप्पलें और जूते पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यालय में संचालित यह निशुल्क कोचिंग पाठशाला जिलाधिकारी की पहल पर ही चलाई जा रही है। समय मिलने पर वह स्वयं भी बच्चों को पढ़ाने पहुंचते हैं और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं। इस पहल से ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने बच्चों को मिठाई खिलाकर रंग, पिचकारी और गुलाल भेंट किए तथा होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने भी आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



