
नवाचारों का डिजिटल प्रेजेंटेशन का विवरण तैयार करें
Auraiya News - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने विकास भवन सभागार में प्रस्तावित दिशा बैठक के लिए एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का बुकलेट के रूप में विवरण तैयार करें और नवाचारों का डिजिटल प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करें।
जनपद में प्रस्तावित दिशा बैठक को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने एजेंडा बिंदुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का विस्तृत विवरण बुकलेट के रूप में तैयार कर बैठक में प्रस्तुत किया जाए। साथ ही प्रमुख विभाग अपने-अपने क्षेत्र में किए गए नवाचारों को डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से सदन के सामने रखें। डीएम ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपने विभागीय नवाचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण तैयार करें। मुख्य चिकित्साधिकारी को आरोग्यम मेले का अलग से प्रेजेंटेशन बनाने को कहा गया, जिसमें लाभान्वित मरीजों, वितरित दवाओं और आयोजित शिविरों का विस्तृत ब्यौरा दर्ज रहे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत चल रहे ‘ज्योतिर्गमय’ और ‘शिक्षाग्रही’ जैसे नवाचारों की उपलब्धियों को प्रेजेंटेशन के रूप में सदन के सामने प्रस्तुत करें, जिससे बच्चों को शिक्षा के मौलिक अधिकार उपलब्ध कराने के प्रयासों का प्रदर्शन हो सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित पोषण वाटिका और विभागीय योजनाओं का पूरा विवरण बैठक में साझा करने को कहा गया। डीएम ने परियोजना निदेशक डीआरडीए को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों की विकासखंडवार डिजिटल डायरी तैयार की जाए। साथ ही सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित ग्रामों में योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करते हुए वहां चौपाल लगाकर समस्याओं का निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को चेताते हुए कहा कि विगत बैठक की अनुपालन आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे संकलित कर सदन को अवगत कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार पांडेय, वनाधिकारी सीपी सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, डीसी मनरेगा राम दुलारे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




