
जिलाधिकारी ने जूम मीटिंग में दिए कड़े निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
Auraiya News - जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जूम मीटिंग में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण समय पर किया जाए और संवाद में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान जनसंपर्क बढ़ाने और आरोग्यम मेले में जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की भी बात की।
कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित जूम मीटिंग में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि प्राप्त होने वाले शिकायत संबंधी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करने से पूर्व संबंधित अधिकारी फरियादी से संवाद कर संपर्क अवश्य करें और मौके पर स्थलीय निरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण कर निष्पक्ष व संतुष्टिपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। सुबह दस बजे पहुंचे कार्यालय तब कार्यक्षेत्र में जाएं औरैया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के दोबारा भेजे जाने के पीछे सबसे बड़ी वजह अधिकारियों द्वारा संवाद की कमी और शिथिलता है, जिसके चलते जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगे से किसी भी शिकायतकर्ता को पुन: प्रार्थना पत्र भेजने की नौबत न आए, इसका सभी अधिकारी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने जूम मीटिंग में समय से न जुड़ने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी प्रतिदिन प्रात: 10 बजे कार्यालय पहुंचकर मीटिंग में सहभागी बने इसके बाद ही अपने कार्यक्षेत्र में जाएं। समय से न जुड़ने की स्थिति में अनुपस्थित मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी सीधे आमजन से करें संपर्क औरैया। डीएम ने निर्देश दिया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान अधिकारी आमजन से सीधे संपर्क कर यह तय करें कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। साथ ही जल निकासी, साफ-सफाई, आवागमन तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन कर कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं। सदर तहसील में पुलिस कार्यालय के पास फैली गंदगी पर उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद औरैया को दिए। वन स्टाफ सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को चाहरदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने या तार फेंसिंग कराने के लिए शासन से मांग पत्र भेजने का निर्देश दिया। आरोग्यम मेले में तय की जाए जिम्मेदारी औरैया। डीएम ने 18 नवम्बर से न्याय पंचायतवार आयोजित होने वाले आरोग्यम शिविरों में स्वयं अथवा अधीनस्थ की स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित कर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ शिविर में ही तत्काल दिया जा सके। यदि माइक्रो प्लान के अनुसार शिविर स्थल में कोई परिवर्तन किया जाता है, तो इसकी सूचना सभी संबंधित विभागों व आमजन को समय से दी जाए। बीएलओ का सहयोग नहीं कर रहे वालंटियर औरैया। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से तैनात वालंटियरों की लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तैनात कार्मिक बीएलओ को अपेक्षित सहयोग नहीं दे रहे, जिससे कार्य की प्रगति प्रभावित हुई है। इस पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, युवा कल्याण अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने वालंटियरों की उपस्थिति और जिम्मेदारी का पालन सुनिश्चित कराएं। किसी भी स्तर की लापरवाही पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि अब तक प्राप्त गणना प्रपत्रों को तत्काल अपलोड किया जाए तथा डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए। यह बैठक विभिन्न योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने, शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता बढ़ाने और जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




