किसान दिवस में डीएम सख्त, नकली बीज-रसायन बेचने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
Auraiya News - औरैया में किसान दिवस पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित कृषि रसायनों और घटिया बीजों की बिक्री पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने किसानों की रजिस्ट्री को अनिवार्य करने और योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर भी जोर दिया।

औरैया, संवाददाता। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित किसान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने किसानों से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित कृषि रसायनों और घटिया बीजों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। डीएम ने उप निदेशक कृषि को निर्देश दिए कि जनपद में बीज व रसायन बेचने वाले केंद्रों की सघन जांच की जाए। जहां भी मानक के विपरीत सामग्री मिले, वहां तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बीजों की गुणवत्ता की समय-समय पर प्रयोगशाला से जांच कराने को भी कहा गया, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके।उन्होंने
सभी विभागों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए। इसके लिए प्रत्येक शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल लगाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाए। फार्मर रजिस्ट्री को लेकर डीएम ने कहा कि यह अब बेहद जरूरी है और सरकारी योजनाओं का लाभ भी इसी के आधार पर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए और इसमें आ रही समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। इसके अलावा गेहूं खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश देते हुए किसानों के लिए पेयजल और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। किसान दिवस में अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान की उम्मीद जताई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


