सात से 21 मई तक होगी स्व-गणना
जनगणना 2027 के तहत भारत में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना कराई जाएगी। 7 से 21 मई 2026 तक स्व-गणना का विकल्प पोर्टल पर उपलब्ध होगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों की स्व-गणना के लिए खुली बैठकें आयोजित करें और जागरूकता अभियान चलाएं।

औरैया, संवाददाता। जनगणना 2027 के तहत देश में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना कराई जाएगी। इसके तहत सात मई से 21 मई 2026 तक आमजन को पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प दिया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की मौजूदगी में खुली बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों की स्व-गणना कराई जाए। इसके लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को स्व-गणना की जानकारी दी जाए। साथ ही नाटक, स्लोगन, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। सक्षम छात्रों के माध्यम से उनके अभिभावकों की भी स्व-गणना कराने पर जोर दिया गया।उपायुक्त मनरेगा और एनआरएलएम को महिला समूहों, बैंक सखी, लखपति दीदी और रोजगार सेवकों के माध्यम से स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला युवा कल्याण अधिकारी को पीआरडी जवानों और युवक मंगल दल के सदस्यों की स्व-गणना सुनिश्चित कर प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को जनगणना संबंधी होर्डिंग लगाने तथा पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम के जरिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से पहले अपने विभागीय कर्मचारियों की स्व-गणना कराने और अधिकाधिक लोगों को जोड़ने की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


