
दिबियापुर में दो दिनों में छह मौतें, शोक में डूबा नगर
Auraiya News - औद्योगिक नगर दिबियापुर पिछले दो दिनों से शोक में डूबा है। प्रमुख व्यवसायी कमालुद्दीन के पुत्र मोहम्मद आमिर का अचानक हार्ट अटैक से निधन हुआ, जिनकी पिछले महीने शादी हुई थी। इसके अलावा, कई अन्य परिवारों में भी मृत्यु की घटनाएं हुई हैं, जिससे पूरे कस्बे में मातमी सन्नाटा है।
औद्योगिक नगर दिबियापुर दो दिनों से गहरे शोक में डूबा है। अलग-अलग परिवारों में हुए असामयिक निधन से पूरे कस्बे में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। गुरुवार दोपहर कलेक्ट्री रोड निवासी प्रमुख व्यवसायी कमालुद्दीन के युवा पुत्र मोहम्मद आमिर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। आमिर की पिछले महीने ही शादी हुई थी, अचानक मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों के अनुसार आमिर की दोपहर अचानक घर पर तबीयत बिगड़ी। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल चिचौली ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आमिर के निधन की खबर फैलते ही स्थानीय बाजार स्वेच्छा से बंद हो गए।

इससे एक दिन पहले बुधवार शाम भाजपा नेता रामकुमार अवस्थी की 84 वर्षीय माता मां देवी का निधन हो गया था। वहीं फफूंद रोड, दुर्गा नगर निवासी सपा नेता बैकुंठ यादव के चाचा प्रताप सिंह यादव उर्फ पंजाबी का भी मंगलवार देर रात निधन हुआ। नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार पोरवाल ज्वेलर्स एवं पोरवाल मेडिकल स्टोर से जुड़े हरिशंकर पोरवाल और मुकेश पोरवाल की 95 वर्षीय माताजी का भी बुधवार रात निधन हो गया। इसी क्रम में गुरुवार को उमरी निवासी अधिवक्ता अश्विनी कुमार शुक्ला की माताजी एवं संगम शुक्ला की 95 वर्षीय दादी का निधन होने से क्षेत्र में शोक की लहर है। लगातार हो रहे इन निधन से नगर में माहौल बेहद गमगीन है और शोक-संवेदनाओं का दौर जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




