200 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, तीन गांवों के किसानों पर टूटा संकट
Auraiya News - कुदरकोट के कठगोर गांव में शुक्रवार को आग लगने से तीन गांवों के किसानों को संकट में डाल दिया। तेज हवाओं के कारण आग ने 200 बीघा गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। आग की वजहों की जांच की जा रही है, लेकिन दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंच सका।

कुदरकोट, संवाददाता। थाना कुदरकोट क्षेत्र के कठगोर गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने तीन गांवों के किसानों को गहरे संकट में डाल दिया। तेज हवाओं के बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते करीब 200 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि प्रभावित किसानों में मायूसी और आक्रोश साफ नजर आया। जानकारी के अनुसार आग एरवा कटरा विकासखंड की ग्राम पंचायत बल्लपुर राजपुर के मजरा कठगोर से शुरू होकर ग्राम पंचायत बरौना कलां के मजरा दिलालपुर और हमीरपुर रुरु के राजस्व ग्राम नहराबोझ तक फैल गई।
आग की चपेट में आकर दर्जनों किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रभावित किसानों में कठगोर के दशरथ, आदित्य, अमर, मीरा देवी, आशीष, विजयपाल, शीला, विमला, शकुंतला, अरविंद, अशोक, राकेश, मेघ सिंह, मेहरवन सिंह, ब्रजेश, रूबी, शिवानी, रनवीर, जयवीर, मुलायम, राम सिंह, शिशुपाल, उदयवीर, मनोज, शैतान सिंह, लाखन सिंह, अनीता देवी, सुखवीर समेत कई किसान शामिल हैं। वहीं दिलालपुर के ज्ञान प्रसाद, सहदेव सिंह, सत्यराम, राजाराम, किताब सिंह, रामऔतार, सत्यावती, ब्रजेश कुमार, गिरीश, मिलाप, बीरेश, रवीश और नहराबोझ के उदयवीर सिंह, महेश चंद्र, रविंद्र सहित अन्य किसानों की फसल भी जलकर नष्ट हो गई। आग लगते ही ग्रामीणों ने हरी टहनियों, लाठियों और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। कई किसानों ने ट्रैक्टर से आसपास की फसल जोतकर आग को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। सूचना पर दमकल विभाग की टीम पहुंची, लेकिन खेतों तक रास्ता न होने के कारण गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। तब तक आग काफी नुकसान कर चुकी थी। घटना ऐसे समय हुई जब गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी। एक झटके में किसानों की साल भर की मेहनत राख में तब्दील हो गई। प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।समय पर नहीं पहुंच सकी दमकलआग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन खेतों तक जाने के लिए समुचित रास्ता न होने के कारण गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में आग पर काबू पाने की जिम्मेदारी ग्रामीणों को ही संभालनी पड़ी।मुआवजे की मांग तेजफसल जलने से प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी, ऐसे में हुए नुकसान से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


