औरैया में घने कोहरे में एनएच-19 पर डंपर भिड़े, दो घायल
Auraiya News - गुरुवार की भोर में घने कोहरे के कारण औरैया के करमपुर गांव के पास एनएच-19 पर एक खराब डंपर से मालवाहन और डंपर टकरा गए। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद इटावा-कानपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
औरैया, संवाददाता। गुरुवार भोर में घने कोहरे के चलते एनएच-19 पर औरैया के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करमपुर गांव के पास खड़े खराब डंपर में पीछे से आ रहे मालवाहन और डंपर भिड़ गए। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल औरैया भेजा गया है। दुर्घटना के बाद इटावा–कानपुर मार्ग पर यातायात बाधित है। हादसे में पहला घायल रईस निवासी फिरोजाबाद है, जो आंध्र प्रदेश से फिरोजाबाद की ओर मालवाहन लेकर जा रहा था। वहीं दूसरा घायल प्रशांत निवासी बसरेहर, इटावा बताया गया है, जो उरई से करहल की ओर डंपर लेकर जा रहा था। बताया गया कि करमपुर गांव के पास सड़क किनारे एक डंपर खराब होकर खड़ा था।
अत्यधिक कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से पीछे से आ रहे वाहन समय रहते डंपर को नहीं देख सके और एक के बाद एक वाहन उससे टकरा गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल औरैया भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद इटावा–कानपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने में जुटी रही, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य कराया जा सका। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे के कारण हादसा हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



