Auraiya News: 22 साल से बदहाल संपर्क मार्ग बनवाने को डिप्टी सीएम से मिले भाजपा नेता
Auraiya News: भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आदेश कुमार ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मिलकर 22 साल से जर्जर बदहाल ढिकियापुर-घसा पुरवा संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि कई गांवों के लोग इस मार्ग पर यात्रा करते हैं, लेकिन गड्ढों के कारण उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

Auraiya News: करीब 22 साल से बदहाल ढिकियापुर-घसा पुरवा संपर्क मार्ग का निर्माण कराने की मांग को लेकर भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आदेश कुमार उर्फ बीनू पंडित ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को प्रार्थनापत्र सौंपकर लोक निर्माण विभाग को सड़क बनवाने के निर्देश देने की मांग की। भाजपा नेता ने बताया कि बिधूना विधानसभा क्षेत्र के सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत नौगवां के मजरा घसा पुरवा को कंचौसी कस्बे से जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर पड़ी है। इस मार्ग से कंचौसी और दिबियापुर से जुड़े करीब दस गांवों के लोग आवागमन करते हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोग सड़क निर्माण के लिए जनसुनवाई पोर्टल पर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग और राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद मार्ग को एक-दूसरे के स्वामित्व का बताकर निर्माण की जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं। प्रार्थनापत्र में दावा किया गया कि पूर्व में इस सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने कराया था। भाजपा नेता ने उपमुख्यमंत्री से संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय कराकर सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।


