
रोजगार का झांसा देकर महिला के खाते से 40 हजार रुपए उड़ाए
Auraiya News - औरैया के ग्राम मढ़ापुर में साइबर अपराधियों ने एक महिला को रोजगार का झांसा देकर उसके खाते से 40 हजार रुपए चुरा लिए। महिला ने एक अनजान कॉल पर पेंसिल पैकिंग के काम का लालच देकर पैसे ट्रांसफर किए। जब महिला ने बैंक जाकर चेक किया, तो उसे पता चला कि उसके सारे पैसे फ्रॉड कर लिए गए हैं।
औरैया, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम मढ़ापुर में साइबर अपराधियों ने महिला को रोजगार का झांसा देकर उसके खाते से 40 हजार रुपए पार कर दिए। घटना की जानकारी पीड़ित महिला ने बैंक जाकर चैक करने पर पाई। मढ़ापुर निवासी मोशिमी पत्नी दीपू ने बताया कि गत तीन जनवरी को उसके फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने पेंसिल पैकिंग का काम दिलाने का लालच दिया। इसके एवज में महिला से रुपये मांगने लगे। महिला ने तीन अलग-अलग फोन नंबरों पर कई बार लगभग 40 हजार रुपए भेज दिए। हालांकि, इसके बाद भी आरोपी लगातार रुपये की मांग करते रहे।
महिला को शक हुआ। उसने घर वालों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार ने तुरंत बैंक जाकर खाते की जांच की। तब महिला को पता चला कि उसके खाते का पूरा पैसा फ्रॉड कर लिया गया है। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर तुरंत भरोसा न करें। बैंक विवरण और पासवर्ड को सुरक्षित रखें। ग्रामीणों ने कहा कि साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




