रात में चला सघन चेकिंग अभियान, 18 वाहनों का चालान, डंपर सीज
औरैया में प्रशासन और पुलिस ने अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। रात के समय चेकिंग में 18 वाहनों का चालान किया गया, जिसमें एक लाख 52 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक डंपर को अवैध खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया और उसे सीज कर दिया गया। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

औरैया, संवाददाता। जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन व पुलिस ने बुधवार देर रात संयुक्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर रात एक बजे से तीन बजे तक औरैया-इटावा मार्ग, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे व औरैया-फफूंद रोड पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के साथ ही अन्य अनियमित वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी (सदर) अजय आनंद वर्मा और पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने किया। उनके साथ कोतवाली औरैया पुलिस बल, खान अधिकारी वशिष्ठ यादव और एआरटीओ कार्यालय के पीटीओ आनंद राय मौजूद रहे।
टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान औरैया-इटावा मार्ग व आसपास क्षेत्रों में कुल 18 वाहनों का चालान किया गया। इन पर विभिन्न नियमों के उल्लंघन में कुल एक लाख 52 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं औरैया-फफूंद मार्ग पर एक डंपर को अवैध खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे सीज कर थाना फफूंद की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। संबंधित वाहन पर 53 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राजस्व क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग मिलकर सख्त कार्रवाई करेंगे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


