Auraiya News: उधार के 50 हजार ने रिश्तों में डाली दरार, ससुराल-मायके पक्ष में जमकर मारपीट
Auraiya News: मुरादगंज में पति-पत्नी के बीच विवाद ने दोनों परिवारों के बीच टकराव का रूप ले लिया। 22 अगस्त को ससुराल और मायके पक्ष में झगड़ा हुआ, जिसमें मारपीट और जान से मारने की धमकियाँ दी गईं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की।

Auraiya News: मुरादगंज कस्बे में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद दोनों परिवारों के बीच टकराव में बदल गया। 22 अगस्त की रात ससुराल और मायके पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। बहू के ससुर ने मायके पक्ष पर 50 हजार रुपये उधार लेकर वापस न करने के विवाद में घर पहुंचकर मारपीट करने और सामान वाहन में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। वहीं बहू ने पति समेत ससुरालीजनों पर उसे और समझाने पहुंचे मायके पक्ष के लोगों को पीटने व घर से निकालने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुरादगंज निवासी मजीद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे आमिर खान की शादी चार जनवरी 2023 को मैनपुरी जिले के लाल इमली फाटक निवासी जेबा खुशबू के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि करीब तीन माह पहले बहू के मायके पक्ष के लोगों ने जरूरत बताकर उनसे 50 हजार रुपये उधार मांगे थे। उन्होंने रुपये दे दिए। करीब दो माह बाद रुपये वापस मांगे तो मायके पक्ष के लोग टालमटोल करने लगे। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा। मजीद का आरोप है कि 22 अगस्त की रात करीब 10 बजे बहू का भाई शोएब, बहन नेहा, मौसी आलिया और मौसा समेत अन्य लोग उनके घर पहुंचे। वहां रुपये मांगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मायके पक्ष के लोगों ने उनके बेटे के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट कर दी। आरोपितों पर दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।


