नगर पंचायत में टेंडर को लेकर विवाद, सभासदों ने निरस्तीकरण की मांग उठाई
Auraiya News - नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल में सभासदों ने टेंडर आवंटन पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वार्डों की अनदेखी की गई है और मनमानी तरीके से टेंडर जारी किए गए हैं। सभासदों ने टेंडरों को निरस्त कर नई निविदा जारी करने की मांग की है, जिससे स्थानीय मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।

नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल में टेंडर आवंटन को लेकर सभासदों ने गंभीर आपत्ति जताते हुए सामूहिक हस्ताक्षर वाला ज्ञापन तहसील दिवस में अपर जिलाधिकारी को सौंपा। सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा जारी निविदा में कई वार्डों की अनदेखी की गई है और प्रस्तावित कार्यों की जगह मनमानी तरीके से टेंडर जारी किए गए हैं। सभासदों ने कहा कि 27 अक्टूबर 2025 को राज्य वित्त/15वें वित्त की निविदा प्रकाशित हुई थी, जिसमें अम्बेडकर नगर, अशोक नगर और पटेल नगर वार्ड की गलियों के निर्माण के लिए कोई टेंडर शामिल नहीं किया गया। वहीं सूर्य नगर और शास्त्री नगर वार्ड में वे गालियां शामिल की गईं, जिन्हें प्रस्ताव में प्राथमिकता नहीं दी गई थी।
सभासदों ने बताया कि इससे पहले भी अम्बेडकर नगर और अशोक नगर वार्डों में गली निर्माण न होने पर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था। तब जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को सख्त निर्देश दिए थे कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए, लेकिन इसके बावजूद इस बार फिर वही स्थिति सामने आई है। सभासदों और सभासद प्रतिनिधियों ने एक राय से नगर पंचायत द्वारा जारी टेंडरों को तत्काल निरस्त कर वार्डों की वास्तविक जरूरतों और प्रस्तावों के अनुसार नई निविदा जारी करने की मांग की है। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


