
कारखाना संचालक की संदिग्ध हालात में मौत, हंगामा
Auraiya News - - परिजनों ने लगाया गलत इलाज का आरोप, शव पोस्टमार्टम को भेजा गया- औरैया कोतवाली के कखावतू गांव का मामलाऔरैया, संवाददाता।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कखावतू
औरैया, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कखावतू में एक कारखाना संचालक की उपचार के दौरान हुई मौत को लेकर सोमवार को परिजनों व ससुराली पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मृतक की पत्नी और उसके भाई ने गलत उपचार का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेज दिया। ग्राम कखावतू निवासी रमेश चंद्र का 40 वर्षीय पुत्र दिनेश खेती-किसानी के साथ पिता के कारखाने का संचालन करता था। उसके भाई आदित्य के अनुसार दिनेश पिछले एक वर्ष से पेट में इंफेक्शन की बीमारी से जूझ रहा था।
शनिवार को अचानक तबियत बिगड़ने पर उसे शौ शैय्या जिला अस्पताल चिचौली में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से मना कर दिया गया। इसके बाद उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। शव जैसे ही कखावतू स्थित घर पहुंचा, मृतक की पत्नी साधना और उसके भाई मनजीत ने आरोप लगाया कि दिनेश का उपचार सही तरीके से नहीं कराया गया, जिसके चलते उसकी मृत्यु हुई। आरोप लगाते हुए उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मामला बढ़ता देख कोतवाली पुलिस मौके पर पहंुची और दोनों पक्षों में बढ़ते तनाव को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस चिचौली पर परिजन मृतक के साले को बुलाए जाने पर पुलिसकर्मियों से बहस करते भी दिखे। हालांकि, पुलिस ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया। मृतक दिनेश अपनी छह बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी साधना के साथ पुत्री 14 वर्षीय रागिनी, 11 वर्षीय सृष्टि और नौ वर्षीय पुत्र उत्कर्ष का रो-रोकर हाल बेहाल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के आरोप के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




