Auraiya News: स्वास्थ्य मेले में 230 लोगों की जांच, बांटी गईं दवाएं
Auraiya News: सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। 230 लोगों ने निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जांच, और दवाएं प्राप्त कीं। गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई और आयुष्मान कार्ड बनवाए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

Auraiya News: सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के 230 लोगों ने पहुंचकर निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जांच और दवाओं का लाभ लिया। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। मेले में महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सबीहा नूर ने गर्भवती महिलाओं की जांच की। उन्हें खानपान, नियमित जांच और दवाओं के सेवन के संबंध में परामर्श दिया गया। जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मरीजों को दंत चिकित्सा और विभिन्न पैथोलॉजी जांचों की निशुल्क सुविधा दी गई।स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को आयुष्मान भारत योजना समेत स्वास्थ्य विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
पात्र लाभार्थियों के मौके पर आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उन्हें कार्ड के माध्यम से सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा के बारे में बताया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र शुक्ल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अनुराग वर्मा, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दुष्यंत त्रिपाठी, बीसीपीएम संजय कुमार समेत स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा।

