
स्पार्किंग से कार में लगी आग, परिवार ने कूदकर बचाई जान
Auraiya News - औरैया के पास एक कार में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार महिला और दो बच्चों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन कार पूरी तरह जल...
औरैया के पास शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार महिला और दो बच्चों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी कार जलकर खाक हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार तिलकपुर गांव निवासी सुभाष सविता की कार शुक्रवार को उनकी छोटी बहू पलख अपने बेटे बिट्टू और बेटी के साथ बाजार करने औरैया गई थी। देर शाम परिवार जब वापस घर लौट रहा था, तभी पढ़ीन गांव से करीब दो किलोमीटर आगे नसीराबाद के सामने अचानक कार से चिंगारियां निकलने लगीं।
देखते ही देखते कार में आग भड़क उठी। कार में बैठी महिला और बच्चे घबराकर किसी तरह कार से कूद गए। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह ग्रामीणों ने पानी डालने की कोशिश की, लेकिन आग तेज होने के कारण वह सफल नहीं हो सके। इसी बीच सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी पाकर एसआई सकील फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि हादसा कार में अचानक स्पार्किंग से हुआ। यदि परिवार कुछ सेकेंड देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना से क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




