सामूहिक विवाह के बाद घरेलू शादी में बवाल...पुलिस ने करवाया सातवां फेरा
Auraiya News - औरैया में सामूहिक विवाह के दौरान दुल्हन ने पंडित पर उल्टे फेरे कराने का आरोप लगाया, जिससे हंगामा मच गया। दूल्हे ने दुल्हन के मानसिक संतुलन को लेकर शादी से इनकार कर दिया। पुलिस की मदद से अंततः सातवां फेरा पूरा कराया गया और दुल्हन की विदाई हुई।

औरैया, संवाददाता। सामूहिक विवाह में पहले ही वैवाहिक बंधन में बंध चुके दूल्हा-दुल्हन की घर पर दोबारा हो रही शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब खुद नवविवाहिता ने पंडित पर उल्टे फेरे कराने का आरोप लगा सामान फेंकना शुरू कर दिया। यही नहीं उसने सातवां फेरा भी लेने से मना कर दिया। हंगामा इतना बढ़ा कि दूल्हे ने दुल्हन का मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात कहकर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले तनाव और समझाइश के बाद पुलिस की मौजूदगी में सातवां फेरा पूरा कराया गया, तब जाकर दुल्हन की विदाई हो सकी।
यह पूरा घटनाक्रम दिबियापुर कस्बे के संजय नगर का है। फफूंद थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी पंकज पुत्र नरेश चंद्र का विवाह दिबियापुर निवासी सुनील कुमार की बेटी ईशा के साथ 11 दिसंबर को ककोर स्थित जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत संपन्न हुआ था। उस समय सभी वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए थे। परिजनों और रिश्तेदारों के लिए पारंपरिक रीति-रिवाज से फेरों की रस्म और प्रीतिभोज का आयोजन 27 फरवरी को संजय नगर में रखा गया। शुक्रवार रात प्रीतिभोज और जयमाल कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। शनिवार सुबह अग्नि के समक्ष फेरे शुरू हुए। छह फेरे पूरे होते ही दुल्हन अचानक भड़क उठी। दुल्हन ने आरोप लगाया कि पंडित जी उल्टी दिशा में फेरे करा रहे हैं। उसने सातवां फेरा करने से भी मना कर दिया और गुस्से में कुछ सामान भी फेंक दिया। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दूल्हे ने दुल्हन के आरोपों को नकारते हुए उसे मानसिक रूप से अस्थिर बताया और शादी से इनकार कर दिया। परिजनों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। सूचना मिलने पर दिबियापुर कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। करीब दो घंटे तक चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्ष किसी तरह राजी हुए। अंततः सुबह करीब नौ बजे पुलिस की मौजूदगी में सातवां फेरा पूरा कराया गया। फेरे पूरे होते ही दुल्हन की विदाई कर दी गई। थाना प्रभारी रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामला आपसी सहमति से सुलझ गया है और अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



