सड़क किनारे तीन दिन तक पड़ा रहा नालों का कूड़ा, आक्रोश

Newswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share

Auraiya News - बाबरपुर नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, जहां मुख्य बाजार में नालों से निकाला गया कूड़ा तीन दिन तक सड़क किनारे पड़ा रहा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नगर पंचायत के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को तुरंत कूड़ा उठाने के आदेश दिए हैं।

सड़क किनारे तीन दिन तक पड़ा रहा नालों का कूड़ा, आक्रोश

अजीतमल, संवाददाता। बाबरपुर नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मुख्य बाजार क्षेत्र में नालों से निकाला गया कूड़ा तीन दिन तक सड़क किनारे पड़ा रहने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों में नगर पंचायत के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नालों की सफाई कर कूड़ा सड़क किनारे डाल दिया था, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी उसे उठाया नहीं गया।

भीषण गर्मी और तेज धूप में सड़क किनारे पड़े सड़े-गले कूड़े से उठ रही दुर्गंध ने बाजार क्षेत्र का माहौल खराब कर दिया। दुकानदारों का कहना है कि बदबू के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया, जिससे व्यापार भी प्रभावित हुआ। राहगीरों को भी गंदगी और दुर्गंध के बीच से निकलना पड़ा। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत केवल दिखावटी सफाई अभियान चलाकर खानापूर्ति कर रही है। नालों की सफाई के बाद समय से कूड़ा न उठाए जाने से व्यवस्था की पोल खुल रही है। व्यापारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में महीने में तीन-चार बार नालों की सफाई कर दी जाती है, लेकिन कूड़े के सही निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ जाती है। उनका कहना है कि सब्जी मंडी से आने वाले कचरे को रोकने के लिए यदि नालों पर जाली लगवा दी जाए तो बार-बार सफाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस संबंध में पूर्व अधिकारियों को कई बार अवगत भी कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे पड़े कूड़े को तत्काल हटाने, बाजार क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी प्रदीप गौतम ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाई कर्मचारियों को तत्काल कूड़ा उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।