
औरैया मेडिकल कॉलेज में डीएनबी (पेडियाट्रिक्स) सीट की उम्मीद जगी
Auraiya News - औरैया मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की शुरुआत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। डीएनबी डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड पेडियाट्रिक्स की राष्ट्रीय स्तर की निरीक्षण प्रक्रिया संपन्न हुई। इससे मेडिकल शिक्षा में सुधार और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कॉलेज प्रशासन सकारात्मक प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।
औरैया मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को कॉलेज में डीएनबी डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड पेडियाट्रिक्स सीट के लिए राष्ट्रीय स्तर का निरीक्षण किया गया। इससे जिले में मेडिकल शिक्षा और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। निरीक्षण के लिए राष्ट्रीय बोर्ड की ओर से प्रोफेसर शैली अवस्थी कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने पीडियाट्रिक्स विभाग की उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था, संसाधनों और प्रशिक्षित स्टाफ का विस्तृत मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान विभाग की मशीनरी, वार्ड व्यवस्था, ओपीडी, इमरजेंसी सेवा और प्रशिक्षण प्रणाली का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
करीब दो घंटे चले मूल्यांकन के बाद प्रोफेसर शैली अवस्थी ने निरीक्षण पर संतोष जताया। इस सकारात्मक प्रतिक्रिया से कॉलेज प्रशासन में उत्साह है। अधिकारियों को उम्मीद है कि निरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद कॉलेज को डीएनबी (पेडियाट्रिक्स) की सीट आवंटित हो जाएगी। इससे न केवल मेडिकल छात्रों को विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा, बल्कि औरैया व आसपास के जिलों में शिशु स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी। महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्राचार्य डॉ. मुकेश वीर सिंह, सीएमएस डॉ. पवन शर्मा, पीडियाट्रिक्स विभाग की अध्यक्ष डॉ. नेहा गुप्ता और बायोकेमिस्ट्री विभाग के डॉ. राहुल शुक्ला शामिल रहे। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि पीजी सीट मिलने से संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ेगी और भविष्य में अन्य विभागों में भी पीजी सीटें बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा। अब सभी को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




