गैर इरादतन हत्या के मामले में युवक व बाल अपचारी गिरफ्तार
औरैया में कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में एक युवक और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास हुई। घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक और कड़ा बरामद किया गया। आरोपी ने बताया कि शराब पीने के बाद विवाद के दौरान एक युवक को गंभीर चोट लगी थी।

औरैया, संवाददाता। कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित एक युवक और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक और एक कड़ा भी बरामद किया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, चार मई को ग्राम रामसहाय निवासी सुखवीर सिंह की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास कोठीसाला जाने वाले कच्चे सर्विस मार्ग से आरोपी मुकेश और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल और एक कड़ा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि दो मई को वह अपने मित्र त्रिभुवन और एक नाबालिग के साथ शराब पीने गया था। अगले दिन लौटते समय कोठीसाला के पास बाइक फिसलने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान गाली-गलौज होने पर उसने त्रिभुवन के सिर पर हाथ मार दिया। हाथ में पहने कड़े से गंभीर चोट लगने के कारण त्रिभुवन पास के पिलर से टकराकर बेहोश हो गया। आरोप है कि नाबालिग ने भी मारपीट की। त्रिभुवन के बेहोश होने पर दोनों उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस को संशोधित करते हुए धारा 105 बीएनएस में तरमीम कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अस्ता गांव निवासी मुकेश पुत्र पन्नालाल के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


