बेटी होने से नाराज चल रहे पति ने पत्नी को पीटा
Auraiya News - औरैया के ग्राम पढ़ींन में एक युवक ने नशे में अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी ने बीड़ी से पत्नी को जलाया। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल...

औरैया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढ़ींन में सोमवार की दोपहर एक युवक ने नशे की हालत में पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उसे आग से जलाया। पीड़ित पत्नी ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने महिला को इलाज एवं मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने पति को भी हिरासत में लिया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पढ़ींन निवासी 32 वर्षीय सुधा पत्नी कमलेश कुमार ने बताया कि उसका पति पुत्री होने के बाद से बहुत परेशान करता है। शराब के नशे में वह गाली-गलौज कर मारपीट करता रहता है। महिला ने बताया कि गत वर्ष उसके गर्भ में पुत्री पल रही थी। उसके पति कमलेश ने कहा कि चेक करा लो यदि लड़का हो तो बना रहने देना और यदि लड़की हो तो एबॉर्शन करा देना। महिला चेकअप कराया तो उसने अपने पति से गर्भ में पुत्र होने की झूठी बात कही। 50 शैय्या अस्पताल औरैया में गत वर्ष उसने बेटी को जन्म दिया। जानकारी होने पर उसके पति कमलेश ने अस्पताल में बेटी होने के कारण हंगामा खड़ा कर दिया था। जिस पर स्टाफ की भीड़ लग गई थी। अब उसका पति बेटी होने के कारण उसे आए दिन नशे की हालत में प्रताड़ित करता रहता है। सोमवार की दोपहर पति कमलेश ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जलती हुई बीड़ी से जलाकर जख्मी कर दिया। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर महिला को इलाज एवं मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।