
संसोधित खबर
Auraiya News - आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गोवंश तस्करी के खिलाफ ऐरवाकटरा पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। पुलिस ने 20 गोवंशों को मुक्त कराते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डीसीएम लोडर से गोवंश अमानवीय हालात में मिले। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गोवंश तस्करी के खिलाफ ऐरवाकटरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तड़के डीसीएम लोडर में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 20 गोवंशों को मुक्त कराते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे मुखबिर खास और कंट्रोल रूम 112 से सूचना मिली कि एक डीसीएम लोडर में गोवंश भरकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक किशनवीर सिंह टीम के साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 137 पर पहुंचे और संदिग्ध डीसीएम टाटा 1916 (यूपी 32 यूएन 4406) को रोक लिया।
तलाशी लेने पर वाहन में 14 गाय, तीन बछड़े और तीन बछिया सहित कुल 20 गोवंश अत्यंत अमानवीय हालात में भरे पाए गए। मौके से लखनऊ निवासी शिव श्याम कश्यप उर्फ देवी राम और अजीतमल क्षेत्र के विलावा भीखेपुर निवासी रॉकी उर्फ राक्सी दोहरे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने डीसीएम और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया गया। इस संबंध में थाना ऐरवाकटरा पर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गोवंश तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के अपराध में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




