Auraiya News: 40 घंटे से फुंका ट्रांसफार्मर, 500 ग्रामीणों की बिजली गुल
Auraiya News: ग्राम जरावन में विद्युत उपकेंद्र कैथावा का ट्रांसफार्मर पिछले 40 घंटे से खराब है, जिससे करीब 500 लोगों की बिजली आपूर्ति ठप है। गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे नाराजगी बढ़ रही है।

Auraiya News: विद्युत उपकेंद्र कैथावा के अंतर्गत ग्राम जरावन में लगा ट्रांसफार्मर पिछले करीब 40 घंटे से फुंका पड़ा है। इससे गांव के करीब 500 ग्रामीणों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न मिलने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गांव में लगा ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया। इसके तुरंत बाद अवर अभियंता और लाइनमैन को सूचना दी गई, लेकिन दो दिन बीतने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
गांव में अंधेरा छाया हुआ है और लोग गर्मी से बेहाल हैं।बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। मोबाइल चार्ज करने तक के लिए लोगों को दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर बदलने के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। इससे लोगों में असमंजस बना हुआ है कि बिजली कब तक बहाल होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों में चेतराम, बदन सिंह, रामू शाक्य, अशोक संखवार, बालिस्टर कठेरिया, संजीव सविता, राजेश कठेरिया, रमेश कुमार, राजेश कुमार, रामपाल, रमाकांत पाठक, सत्यम पाठक, रामनरेश संखवार, बबोल दीक्षित, रामजीवन और नीलू सहित अन्य लोगों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अवर अभियंता प्रवीन कुमार ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए कई बार ऑनलाइन मांग भेजी गई है। ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही उसे बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पारिवारिक शोक के कारण वह अवकाश पर हैं, फिर भी विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।


