पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं युवतियों से लखनऊ में रेप की कोशिश, कुछ घंटे बाद ही आरोपी से एनकाउंटर

लखनऊ, संवाददाता
Follow us on Google News
share

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए लखनऊ पहुंची दो युवतियों से ऑटो चालक ने रेप की कोशिश की। युवतियों ने हिम्मत दिखाई और ऑटो चालक के चंगुल से बची। कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने ऑटो चालक को एनकाउंटर में गोली मारने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं युवतियों से लखनऊ में रेप की कोशिश, कुछ घंटे बाद ही आरोपी से एनकाउंटर

राजधानी लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आईं दो युवतियों से रेप की कोशिश की सनसनीखेज वारदात हुई है। शहर में फर्राटा भर रहे हैवान ऑटो चालक ने पारा के डॉक्टर खेड़ा में दो युवतियों से दुष्कर्म का प्रयास किया। 20 घंटे बाद सोमवार की रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम से मुठभेड़ गोली मारने के बाद आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान हरदोई जनपद के कछौना के रहने वाले हसीब के रूप में हुई है।

पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह के मुताबिक, दोनों अभ्यर्थियों ने बताया कि वे सहेलियां हैं और लखीमपुर जनपद के मैलानी इलाके की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को विकासनगर में अपने रिश्तेदार के घर आई थीं। वहां से रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित केंद्र पर जाना था। दोनों रिश्तेदार के घर से तड़के करीब तीन बजे रैपिडो से चारबाग पहुंचीं। वहां­ से आलमबाग बस अड्डे जाने के लिए एक ऑटो बुक किया। आलमबाग थाने के सामने पहुंचने पर चालक ने कहा कि आगे का रास्ता खराब है। वह दूसरे रास्ते से चल रहा है। इसके बाद ऑटो चालक बरगला कर दोनों को डॉक्टर खेड़ा ले गया और दुष्कर्म की कोशिश की।

युवतियों ने दिखाई हिम्मत

दोनों अभ्यर्थियों ने हिम्मत दिखाई और एक ने ऑटो चालक की अंगुली में दांत से काट लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर एक बाइक सवार पहुंचा तो चालक फरार हो गया। बाइक सवार की सूचना पर पहुंची पारा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही डरी-सहमी दोनों अभ्यर्थियों को पुलिस सुरक्षा में रायबरेली में परीक्षा दिलाई गई।

गिरफ्तारी के लिए लगाईं तीन टीमें

पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमलेश कुमार दीक्षित के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। पुलिस टीम ने सीसी फुटेज के माध्यम से आरोपी का ऑटो चिह्नित किया। टीमें दबिश दे रही थीं। इस बीच पारा के मुन्नूखेड़ा के पास संदिग्ध ऑटो देखकर पारा पुलिस और क्राइम टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो वह फायरिंग करने लगा।

इसके बाद ऑटो से कूदकर नहर की ओर भागा। पुलिस फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लगी। आरोपी हरदोई जनपद के कछौना इलाके के मिर्जानपुर का रहने वाला हसीब है। घायल हसीब को इलाज के लिए रानीलक्ष्मी बाई अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त आटो के अलावा तमंचा व कारतूस मिला है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि प्रोजेक्ट सेफ राइड के तहत आटो, ई-रिक्शा और टेंपो चालकों का सत्यापन कराया जा रहा है। थानाप्रभारियों को इसके लिए निर्देश दिए हैं। एसोसिएशन के साथ पुलिस की बैठक भी हुई है। जिन चालकों के खिलाफ अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सूचीबद्ध कर उनकी निगरानी की जा रही है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।