मोबाइल चोरी के शक में बेटे को पीट रहे थे हमलावर, बचाने आए पिता की चाकू घोंपकर हत्या

sandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, चित्रकूट
share

चित्रकूट के पुल घाट पर मोबाइल चोरी के शक में तीन युवकों ने रिंकू निषाद की पिटाई कर दी। बेटे को बचाने पहुंचे पिता बिट्टी निषाद पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात में कई परिजन घायल हुए। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

मोबाइल चोरी के शक में बेटे को पीट रहे थे हमलावर, बचाने आए पिता की चाकू घोंपकर हत्या

चित्रकूट के कर्वी स्थित पुल घाट पर मंदाकिनी के किनारे रविवार को मोबाइल चोरी के शक में तीन हमलावरों ने नहाते समय एक युवक पर हमला बोल दिया। शोरगुल मचने पर युवक के पिता समेत अन्य परिजन पहुंच गए। बेटे को बचाने के दौरान हमलावरों ने पिता के सीने में चाकू घोंप दिया। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सिंचाई कॉलोनी के पास रहने वाले 20 वर्षीय रिंकू उर्फ विजय निषाद ने बताया कि वह रविवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे पुल घाट पर मंदाकिनी में नहा रहे थे। इसी दौरान तीन युवक पहुंचे और मोबाइल फोन चोरी करने की शंका जाहिर करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाया तो 44 वर्षीय पिता बिट्टी निषाद और अन्य परिजन पहुंच गए।

बेटे को बचाने आए पिता को चाकू घोंपा

रिंकू के साथ-साथ हमलावरों ने परिजनों को पीटा। बेटे को बचाने के दौरान बिट्टी की गर्दन और सीने पर हमलावरों ने चाकू घोंप दिया। तीनों चाकू लहराते हुए भाग निकले। मारपीट में ताऊ छोटा, ताई जहरी देवी और बहू अर्चना गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में डॉक्टरों ने बिट्टी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस कप्तान अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे रिंकू ने हमलावरों के नाम बताए हैं। सभी एक ही बिरादरी के हैं। पुल घाट में दिनदहाड़े जिस तरह से चाकू मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है, उससे स्पष्ट हो रहा कि हमलावर योजना बनाकर आए थे। हमलावरों का मृतक के बेटे से मोबाइल चोरी को लेकर विवाद था। वह बेटे के ऊपर हमला बोलने के इरादे से पहुंचे थे। लेकिन शोरगुल सुनकर पिता समेत अन्य परिजन पहुंच गए।

Voice of UP

तीन हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

वारदात को अंजाम देकर भागे हमलावरों की तलाश में एएसपी की अगुवाई में पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हमलावरों को शंका थी कि उनका मोबाइल फोन विजय उर्फ रिंकू निषाद ने चोरी किया है। रविवार को जब रिंकू मंदाकिनी नदी में नहाने पहुंचा तो हमलावर वहीं पहुंच गए। उससे मोबाइल फोन चोरी करने की बात कही तो विवाद शुरु हो गया। हमलावरों ने उससे मारपीट शुरु कर दी तो शोरगुल सुनकर रिंकू का पिता बिट्टी निषाद व अन्य परिजन भी पहुंच गए। रिंकू को बचाने के दौरान ही हमलावरों ने बिट्टी के सीने में चाकू घोंप दिया और भाग निकले। बिट्टी की मौत के बाद बेटे रिंकू ने तीन हमलावरों रबी निषाद उर्फ रबी गुंडा, रिंकू निषाद व गुरु प्रसाद निवासी कपसेठी के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है।

मृतक के बेटे और हमलावरों में रही है दोस्ती

पुलिस के मुताबिक मृतक बिट्टी निषाद के बेटे विजय उर्फ रिंकू निषाद की हमलावरों से दोस्ती भी रही है। लेकिन मोबाइल फोन चोरी की शंका के चलते रिंकू का हमलावरों से विवाद हो गया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह ने बताया कि हमलावर रबी निषाद उर्फ गुंडा के खिलाफ चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज है। इसी तरह दूसरे हमलावर रिंकू निषाद के खिलाफ एक मुकदमा है। बताया कि हमलावरों की पुरानी पृष्टभूमि को भी देखा जा रहा है। हत्या की असली वजह की को लेकर बारीकी से हर बिंदु पर जांच की जा रही है।साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।