अतीक अहमद ‘जिंदा’ हुआ, UP चुनाव से पहले फिर सड़कों पर पोस्टर; अखिलेश यादव का भी नाम
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि, अब तक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन तैयारियां जोरों पर हैं। राजधानी लखनऊ में लगे पोस्टर बता रहे हैं कि समाजवादी पार्टी को माफिया के मुद्दे पर घेरने की तैयारी है।

'आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार'। ऐसे पोस्टर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देखे जा रहे हैं। साथ ही इनमें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को भी घेरा गया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि यूपी चुनाव से पहले राज्य में माफिया का मुद्दा एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने इन्हीं तीनों का नाम लेकर सपा प्रमुख पर सवाल उठाए थे।
इनके अलावा राज्य में कई और जगहों पर सपा और प्रमुख अखिलेश पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें यह भी लिखा है, 'माफिया के अखिलेश। अखिलेश के माफिया'। हालांकि, यह साफ नहीं हो सका है कि इन्हें किसने लगाया है। अतीक अहम और मुख्तार अंसारी की मौत हो चुकी है। वहीं, सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान फिलहाल जेल में हैं।
पहले भी घेर चुकी भाजपा
अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव से हले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ठीक इन्हीं तीन नामों का जिक्र किय था। उन्होंने कहा था, 'अखिलेश यादव के तीन यार, आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी। जिनमें से दो जा चुके हैं और एक बचा है। ये राज्य से सपा के सफाए का मुख्य कारण हैं।'
उन्होंने कहा था, 'समाजवादी पार्टी गुंडों, अपराधियों और माफिया की मां है सपा के लिए बड़ा नारा था कि जिस गाड़ी में एसपी का झंडा, उसमें बैठा गुंडा। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शासन में अपराधियों को समर्थन मिला।' साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भ्रष्टाचार में जुड़े होने के आरोप लगाए थे।
2 की मौत 1 जेल में
अप्रैल 2024 में ही अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय दोनों मेडिकल जांच के लिए पहुंचे थे और पुलिस सुरक्षा में थे। वहीं, मार्च 2024 में मुख्तार अंसारी की मौत दिल का दौरा पड़ने के चलते हो गई थी। अंसारी बांदा जेल में बंद था। फिलहाल, आजम खान हेट स्पीच समेत कई मामलों में सजा काट रहे हैं।
2022 यूपी विधानसभा चुनाव में अपराधी
ADR यानी एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की साल 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 1142 उम्मीदवार ऐसे थे, जिनके खिलाफ आपराधिक केस थे। जबकि, 2017 में यह आंकड़ा 859 पर था। एजेंसी ने सपा के कुल 347 उम्मीदवारों का डेटा खंगाला था और पाया था कि 65 प्रतिशत यानी 224 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक केस है। भाजपा के मामले यह आंकड़ा 169 था और कुल 374 प्रत्याशियों के रिकॉर्ड्स देखे गए थे।
इनमें से सपा में 163 ऐसे उम्मीदवार थे, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले थे। जबकि, भाजपा के टिकट पर ऐसे 131 उम्मीदवार मैदान में थे। कांग्रेस ने 160 ऐसे नेताओं को टिकट दिया था, जिनके खिलाफ मामले दर्ज थे। इनमें से 108 गंभीर अपराध वाली कैटेगरी में थे।
कितने जीते
खास बात है कि चुनाव जीतने वालों की संख्या 2017 में 36 फीसदी से बढ़कर 2022 में 51 फीसदी पर पहुंच गई थी। वहीं, गंभीर आपराधिक मामले वाले विजेताओं की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ था। भाजपा के 90 और सपा के 48 आपराधिक रिकॉर्ड वाले प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। इसके अलावा 8 रालोद, 6 सुभासपा, 6 निषाद, 2 अपना दल सोनेलाल, 2 जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, 2 कांग्रेस और 1 बसपा से विजयी हुए थे।

