
रात में गिरफ्तार, सुबह फरार, शाम में कहानी खत्म, दो करोड़ लूटने वाला एनकाउंटर में ढेर
गुजरात की जीके कंपनी के दो करोड़ रुपये लूटने वाले की कहानी पुलिस ने खत्म कर दी है। तीन अक्टूबर को उसने कांड किया। चार अक्तूबर को दबोचा गया। पांच अक्तूबर की दोपहर फरार हुआ और शाम में एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया। पुलिस ने रविवार की देर शाम मक्खनपुर में होटल के पास उसे मार गिराया।
गुजरात की जीके कंपनी के दो करोड़ की लूट करने वाला मास्टरमाइंड नरेश उर्फ पंकज को फिरोजाबाद में पुलिस ने रविवार की देर शाम मुठभेड़ में मार गिराया। शुक्रवार को कांड करने के बाद शनिवार को ही उसकी गिरफ्तारी हुई थी। रविवार की दोपहर में ही पैसा बरामद करने का बहाना बनाकर खेतों से होते हुए फरार हो गया था। शाम में पुलिस ने उसकी कहानी खत्म करते हुए एनकाउंटर में मार गिराया।

एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि तीन अक्टूबर को मक्खनपुर में जीके कंपनी की कार कानपुर से आगरा के लिए भारी मात्रा में कैश लेकर जा रही थी। रास्ते में मक्खनपुर के पास कार को ओवरटेक कर दो कार सवार बदमाशों ने दो करोड़ का कैश लूटा था। पुलिस ने खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड नरेश उर्फ पंकज निवासी खैर, अलीगढ़ समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार कर एक करोड़ से कुछ ज्यादा कैश बरामद किया था। नरेश ने शनिवार की रात पुलिस को अलीगढ़ से 20 लाख और बरामद कराए।
रविवार की दोपहर वो और नकदी बरामद कराने के लिए फिरोजाबाद के मक्खनपुर स्थित सांती और खेड़ा गणेशपुर के बीच में खेतों की ओर ले गया। वहां शौच का बहाना बनाकर बाजरे के खेतों से होते हुए भाग निकला। इससे सकते में आई पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश में जुट गई। नाकेबंदी करा दी गई। देर शाम मक्खनपुर स्थित बीएमआर होटल के पास पुलिस को उसके होने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेरा डाल दिया। पुलिस को देखकर वो भागने लगा। ऐसे में पुलिस ने उस पर फायरिंग की तो गोली उसके सीने में लगी। वो वहीं गिर पड़ा। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ऐसे हुआ था फरार
शनिवार को पूछताछ के बाद मास्टरमाइंड नरेश ने मक्खनपुर पुलिस को शनिवार रात अलीगढ़ से 20 लाख रुपये बरामद कराए। इसके बाद मक्खनपुर पुलिस लौट आई। यहां और पूछताछ के बाद उसने रविवार की दोपहर सांती और खेड़ा गणेशपुर के बीच खेतों से और पैसों से भरा बैग बरामद करने की बात कही। मक्खनपुर पुलिस क्यूआरटी को लेकर उसके साथ बताए गए स्थान पर पहुंची।
नरेश इससे पहले थाने पर दो बार पेट में मरोड़ का बहाना बनाकर शौच के लिए जा चुका था। खेड़ा गणेशपुर पहुंचने पर खेतों के आसपास उसने बैग ढूंढ़ने का बहाना किया। फिर कहा कि अब पेट में मरोड़ हो रही है उसे शौच के लिए जाना है। पुलिस ने कहा कि खेत में ही बैठ जाए। क्यूआरटी उसके ऊपर नजर रखे रही। कुछ देर बाद क्यूआरटी का ध्यान भटका तो नरेश बाजरे के खेत से होते हुए भाग निकला।
लूट में ये किए थे गिरफ्तार
फिरोजाबाद। दो करोड़ की लूट में पुलिस की छह टीमों ने नरेश उर्फ पंकज (35) पुत्र राकेश कुमार उर्फ भूरी निवासी अरनी थाना खैर अलीगढ़, तुषार 28 पुत्र राजकुमार निवासी मोहल्ला शिवपुरी निवाडी रोड मोदीनगर, थाना मोदीनगर गाजियाबाद, दुष्यन्त 25 पुत्र मोहन सिंह निवासी ओम नगर थाना खैर अलीगढ़, अक्षय 23 पुत्र जयप्रकाश निवासी डेरी फार्म गाजीपुर पूर्वी दिल्ली, आशीष उर्फ आशू 28 पुत्र प्रमोद निवासी बहादुरगढ़ थाना बहादुरगढ़ सिटी जनपद बहादुरगढ़ हरियाणा, मोनू उर्फ मिलाप 30 पुत्र इन्द्रपाल सिंह निवासी गढबढ जैतपुर थाना जैतपुर आगरा को शनिवार को गिरफ्तार किया था।
इनमें से नरेश शातिर एवं दुर्दांत अपराधी है जो एक दशक से लूट और गम्भीर अपराधों में शामिल रहा है। वो साथियों के साथ गैंग बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने लुटेरों से 1 करोड़ 5310 रुपये कैश, 55 हजार कीमत का एक आईफोन, लूट के रुपयों से खरीदी एक लाख की बाइक और असलाहों को बरामद कर लिया था।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



