150 की स्पीड से दौड़ाई कार, बिग बॉस फेम अनुराग की लाइव सुसाइड की कोशिश, देखिए VIDEO

Mar 08, 2026 08:59 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल (यूके07 राइडर) ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार टकराकर कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें मेरठ से दिल्ली रेफर किया गया है। घटना का एक लाइव वीडियो भी वायरल हो रहा है।

150 की स्पीड से दौड़ाई कार, बिग बॉस फेम अनुराग की लाइव सुसाइड की कोशिश, देखिए VIDEO

Meerut News: सोशल मीडिया की दुनिया के चर्चित चेहरे, मशहूर यूट्यूबर और 'बिग बॉस' फेम अनुराग डोभाल, जिन्हें दुनिया 'यूके07 राइडर' (The UK07 Rider) के नाम से जानती है, शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई इस घटना ने उनके लाखों प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया है। प्राथमिक सूचनाओं और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के अनुसार, यह महज एक दुर्घटना नहीं बल्कि आत्महत्या का प्रयास (Suicide Attempt) बताया जा रहा है। अनुराग की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।

तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और लाइव सुसाइड का दावा

घटना शनिवार दोपहर की है, जब अनुराग डोभाल अपनी फॉर्च्यूनर कार से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद सीमा क्षेत्र से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, कार की रफ्तार बेहद तेज थी। अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे डिवाइडर व सुरक्षा घेरे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हैरान करने वाली बात यह है कि इस हादसे से ठीक पहले का एक कथित 'लाइव वीडियो' सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अनुराग को बेहद तनावपूर्ण स्थिति में देखा जा सकता है, जिसके आधार पर चर्चा है कि उन्होंने जानबूझकर तेज रफ्तार में कार टकराकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। हालांकि, 'हिन्दुस्तान' इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

मेरठ से दिल्ली रेफर, हालत नाजुक

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची गाजियाबाद और मेरठ पुलिस ने घायल अनुराग को तुरंत मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एक हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने पुष्टि की है कि हादसा एक्सप्रेसवे पर हुआ है और घायल का इलाज विशेषज्ञों की देखरेख में चल रहा है।

मानसिक प्रताड़ना का लगा रहे थे आरोप

गौरतलब है कि अनुराग डोभाल पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए भी काफी परेशान नजर आ रहे थे। उन्होंने कई बार अपनी पोस्ट और वीडियो के जरिए यह संकेत दिए थे कि वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। बिग बॉस से बाहर आने के बाद भी उनके कई विवाद चर्चा में रहे थे। उनके करीबियों का मानना है कि लंबे समय से चल रहे मानसिक तनाव और ऑनलाइन ट्रोलिंग ने उन्हें इस आत्मघाती कदम की ओर धकेला हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उनके परिवार से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।