यूपी में ऐक्शन मोड में एंटी करप्शन टीम, अब बिजली निगम का टेंडर बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण मंडल द्वितीय, मोहद्दीपुर में तैनात टेंडर बाबू अभिषेक भारती को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उन्हें मंडल कार्यालय के बाहर से पकड़ा, जहां वह एक ठेकेदार से 5 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे।

उत्तर प्रदेश के अलग-अगल जिलों में इन दिनों एंटी करप्शन टीम ऐक्शन मोड में है। ताजा कार्रवाई गोरखपुर जिले में हुई है जहां एंटी करप्शन टीम ने बिजली निगम के एक टेंडर बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्रदेश भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण मंडल द्वितीय, मोहद्दीपुर में तैनात टेंडर बाबू अभिषेक भारती को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उन्हें मंडल कार्यालय के बाहर से पकड़ा, जहां वह एक ठेकेदार से पांच हजार रुपये की घूस ले रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक भारती लंबे समय से विद्युत वितरण मंडल द्वितीय के कार्यालय में टेंडर बाबू के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि किसी टेंडर को पास कराने के एवज में उन्होंने ठीकेदार शिव कुमार त्रिपाठी से रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार दोपहर ठेकेदार शिव कुमार त्रिपाठी कार्यालय के बाहर पहुंचे और अभिषेक भारती को निर्धारित रकम सौंप दी। जैसे ही ठीकेदार अपनी कार में बैठा, पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टेंडर बाबू को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम ने टेंडर बाबू के कार्यालय पर ताला लगवा दिया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए कैंट थाना ले गई। इस कार्रवाई से बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की गई है। घूस लेते रंगे हाथ टेंडर बाबू गिरफ्तार हुए हैं। उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



