यूपी चुनाव से पहले एक और SIR होगा; अखिलेश ने ऐसा क्यों कहा? भाजपा पर बरसे

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में बसपा, भाजपा और एआईएमआईएम के नेताओं समेत कई पूर्व विधायकों व पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव से पहले फिर एसआईआर कराकर नई वोटर लिस्ट बनाएगी। अखिलेश ने यूपी के लोगों से सावधान रहने की अपील की।

Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बसपा, भाजपा और एआईएआईएम के नेताओं को सपा की सदस्यता दिलाई। इनमें पूर्व विधायकों के साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख भी शामिल हैं। अखिलेश यादव ने इस सभी का स्वागत करने के साथ भरोसा जताया कि इनके आने से समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी। इस दौरान उन्होने बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार चुनाव से पहले एक एसआइआर और कराएगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि ‘’बीजेपी ने बंगाल में वोटों की हेराफेरी से चुनाव जीता है। वो बात भी सामने आ गई है। यूपी के लोगों को मैं सावधान करना चाहता हूं कि चुनाव से पहले फिर से ये लोग (बीजेपी) एसआईआर कराएंगे। फिर एक वोटर लिस्ट बनाएंगे। इनकी साजिश और षडयंत्रों से सावधान रहना''।

पीडीए से घबराए हैं विरोधी

आपको बता दें हाल में उत्तर प्रदेश में हुई स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) में राज्य में कुल वोटरों की संख्या 15.44 करोड़ से घटकर 13.39 करोड़ रह गई,करीब 2.04 करोड़ मतदाता कम हुए हैं। सपा अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार पर महंगाई, स्वास्थ्य, परिवहन और खेल सुविधाओं को लेकर निशाना साधा। सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में संकीर्ण सोच रखने वाले लोग PDA से घबराए हुए हैं। चुनाव में जितना गंभीर PDA है, उतना कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि न कभी तानाशाही चली है और न दानाशाही चलेगी।

बीजेपी पर बरसे अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महंगाई रोकने के लिए ‘दाम बांधो’ नीति लागू की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों की नहीं, अमीरों की पार्टी है। इसी वजह से चीनी महंगी हुई है, ताकि चंदा वसूला जा सके। उन्होंने मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चढ़ावा चोरी करने वाले अधर्मी लोगों को हटाना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, ‘‘मां का अपमान हुआ, चढ़ावा चोरी हुआ तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को हटाना होगा।’’

ये नेता सपा में हुए शामिल

प्रतापगढ़ की रानीगंज सीट से 2007 में बसपा विधायक रहे राम शिरोमणि शुक्ला सपा में शामिल हुए। पीलीभीत के बरखेड़ा से पूर्व सपा विधायक और अखिलेश सरकार में राज्यमंत्री रहे हेमराज वर्मा ने भी घर वापसी की। वह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में चले गए थे। AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अब्दुल मन्नान ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा मौर्य, कई पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य भी समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत किया। पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। नेताओं ने 2027 में सपा की सरकार बनाने का लक्ष्य दोहराया।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयूपी चुनाव से पहले एक और SIR होगा; अखिलेश ने ऐसा क्यों कहा? भाजपा पर बरसे