
वाराणसी में फिर कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, आगे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, पीछे बना था गोदाम
वाराणसी में एक बार फिर नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद हुई है। कफ सिरप को छिपाने के लिए आगे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और पीछे गोदाम बनाया गया था।एसआईटी और रोहनिया पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई करते हुए माल बरामद किया।
एसआईटी और रोहनिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार शाम सूजाबाद (रामनगर) से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस ने यह माल गोदौलिया निवासी मनोज यादव के ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन के पीछे स्थित गोदाम से जब्त किया, जिसे शुभम जायसवाल से संबंधित बताया जा रहा है। कफ सिरप को छिपाने के लिए आगे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और पीछे गोदाम बनाया गया था।

रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि बीते 19 नवंबर को भदवर में दो करोड़ रुपये मूल्य की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। वह माल गाजियाबाद के सौरभ त्यागी की फर्म आएस फार्मा से मंगाया गया था। रोहनिया पुलिस सौरभ त्यागी के फर्म के ट्रांसपोर्टर पर नजर रख रही थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक दिसंबर को गाजियाबाद से माल लेकर ट्रक रवाना हुआ था, जो 2 दिसंबर को सूजाबाद पहुंचा।
पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन के पीछे गोदाम मिला। सूचना पर डीसीपी क्राइम सरवणन टी., एसीपी कोतवाली शुभम सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। ड्रग विभाग की टीम भी जांच में शामिल हुई। तलाशी में 173 पेटियों में 30 हजार शीशी कफ सिरप बरामद हुई। डीसीपी ने बताया कि माल की कीमत 60 लाख रुपये है।
जीपीएस के जरिए ट्रैकिंग के बाद छापेमारी
सूजाबाद (रामनगर) से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध कफ सिरप बरामदगी के मामले में रोहनिया पुलिस ने जीपीएस ट्रैकर के माध्यम से ट्रक की निगरानी कर कार्रवाई की। मंगलवार को पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर छापेमारी कर गोदाम का पता लगाया।
रोहनिया थाने के प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि एक दिसंबर को गाजियाबाद से माल लेकर रवाना हुए ट्रक पर पुलिस ने जीपीएस ट्रैकर से निगरानी रखी थी। ट्रक 2 दिसंबर को सूजाबाद पहुंचा। सूचना मिलने पर मंगलवार को पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन मिला। मौके पर दो युवक केयर टेकर के रूप में उपस्थित थे। जांच के दौरान अफसरों को जानकारी मिली कि स्टेशन के पीछे गोदाम भी है।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन से पिशाच मोचन निवासी आजाद जायसवाल का एक मालवाहक भी बरामद हुआ। मालवाहक के नंबर से उसकी पहचान की गई। वह बीते 19 नवंबर को भदवर में पकड़े गए दो करोड़ रुपये मूल्य की कफ सिरप मामले में अभी जेल में बंद है।
भदवर के केस में नामजद हुए सौरभ और शिवा
भदवर में बीते 19 नवंबर को पकड़ी गई दो करोड़ की कफ सिरप के मामले में अब सौरभ त्यागी और शिवाकांत उर्फ शिवा भी नामजद कर लिए गए हैं। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि सौरभ के फर्म से माल आया था। जबकि शिवाकांत ने माल भेजवाया था। ऐसे में दोनों नामजद किए गए हैं। दोनों को वारंट बी पर वाराणसी लाने के लिए कोर्ट में अर्जी दी गई है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें

