
यूपी में भीषण हादसा; बस की टक्कर से बोलेरो के परखच्चे उड़े, सगे भाइयों समेत चार की मौत
यूपी में एक बार फिर रविवार की सुबह भीषण हादसा हुआ है। हमीरपुर में मां की अस्थि विसर्जित करने जा रहे लोगों की बोलेरो की बस से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
यूपी में एक बार फिर रविवार की सुबह भीषण हादसा हुआ है। हमीरपुर में मां की अस्थि विसर्जित करने जा रहे लोगों की बोलेरो की बस से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। एक ने अस्पताल में दम तोड़ा। कई लोग घायल हैं। हादसा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर हुआ। मरने वाले महोबा जनपद के थाना खन्ना के ग्योड़ी गांव निवासी हैं। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से कोहराम मचा है। एक गंभीर घायल को बांदा ले जाया गया है। घने कोहरे के चलते हादसा होना बताया जा रहा है।
ग्योड़ी गांव निवासी 55 वर्षीय घनश्याम की मां की पिछले दिनों मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार के बाद घनश्याम अपने छोटे भाई 40 वर्षीय रामसहोदर और परिवार के 65 वर्षीय सिद्धगोपाल सहित चार लोगों के साथ अस्थि विसर्जन के लिए रविवार की सुबह खन्ना से प्रयागराज को चले थे। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के इचौली के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पेट्रोल पंप से बोलेरो में डीजल भराने के बाद जैसे ही इनकी गाड़ी एक्सप्रेस-वे पर पहुंची पीछे से आ रही आंध्र प्रदेश नंबर की एक टूरिस्ट बस ने बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
मौदहा इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर ही दोनों सगे भाइयों घनश्याम, रामसहोदर और सिद्धगोपाल की मौत हो गई। जबकि चौथा व्यक्ति 35 वर्षीय घनश्याम के भतीजे सोनू पुत्र प्यारेलाल को बांदा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। राधेश्याम पुत्र छोटे लाल कानपुर रेफर हैं। आशाराम पुत्र अच्छे लाल का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची यूपीडा की टीम ने गाड़ी के मलबे को हाईड्रा की मदद से खींचकर किनारे किया।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



