यूपी: तेज बारिश में खुले नाले में गिरकर फिर एक बच्चे की मौत, पाइप में अटकी मिली लाश

हिटी, बिजनौर/किरतपुर
share

तेज बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने के कारण खुले नाले का अंदाजा नहीं होने से नाले में गिरकर 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। करीब 500 मीटर दूर किशोर को पाइप में अटका देख लोग दौड़े, लेकिन तब तक किशोर दम तोड़ चुका था। इसके पहले जुलाई महीने में बुलंदशहर में भी ऐसा ही एक हादसा सामने आया था।

another child dies after falling into an open drain during heavy rain body found stuck in a pipe
तेज बारिश में खुले नाले में गिरकर फिर एक बच्चे की मौत, पाइप में अटकी मिली लाश

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शनिवार को तेज बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने के कारण खुले नाले का अंदाजा नहीं होने से नाले में गिरकर 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। करीब 500 मीटर दूर किशोर को पाइप में अटका देख लोग दौड़े, लेकिन तब तक किशोर दम तोड़ चुका था। हादसे का पता लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने खुले नाले को ढंकने और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। इसके पहले जुलाई महीने में बुलंदशहर में भी ऐसा ही एक हादसा सामने आया था। वहां भारी बारिश के दौरान स्कूल से घर लौट रही 11 साल की एक छात्रा चारू कश्यप खुले नाले के तेज बहाव में बह गई थी। एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, नगर पालिका की टीमें 5 दिनों तक 30 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं। हादसा 28 जुलाई को हुआ था जिसके पांचवें दिन काली नदी में गांव चावली के पास से चारू की लाश मिली थी। बच्ची की लाश जलकुंभी में फंसा हुई थी।

किरतपुर के मोहल्ला अंसारियान निवासी अफजल का पुत्र 13 वर्षीय हम्माद शनिवार को घर से ईदगाह रोड की ओर जा रहा था। इस्लामिया इंटर कॉलेज के गेट के सामने तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान हम्माद खुले नाले में गिर गया और तेज बहाव होने के चलते वह पानी में बह गया। कॉलेज गेट के सामने सब्जी की ठेली लगाने वालों ने किशोर को नाले में गिरते देखा तो शोर मचा दिया। लोगों ने तलाश शुरू की तो करीब 500 मीटर दूर नाले में एक पाइप से हम्माद अटका मिला। लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक हम्माद की मौत हो चुकी थी।

बताया गया है कि हम्माद दो भाइयों में एक था। उसके पिता रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाला ढंका होता और जल निकासी की उचित व्यवस्था होती तो हादसा टल सकता था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खुले नाले को ढंकने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

बच्चे चले गए, छोड़ गए कई सवाल

बुलंदशहर में मासूम चारू के बाद अब बिजनौर में हम्माद की जान इसी तरह के हादसे में गई है। ये दोनों बच्चे तो अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनकी मौत कई ऐसे सवाल छोड़ गई है जिनका जवाब बुलंदशहर और बिजनौर ही हर जिले के लोग जानना चाहते हैं। आखिर खुले नाले को सुरक्षित क्यों नहीं बनाया गया? अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो क्या आज चारू और हम्माद अपने परिवार के बीच होते? बारिश के दौरान खुले नाले मौत का जाल बन गए, लेकिन जिम्मेदार विभाग समय रहते उन्हें ढकने या बैरिकेडिंग करने में क्यों विफल रहे?

नगर पालिका हर साल नालों की सफाई और सुरक्षा पर लाखों रुपये खर्च करने का दावा करती है, फिर भी ऐसी नौबत क्यों आई कि दो बच्चे खुले नाले में बह गए। लोगों के बीच चर्चा है कि यदि नाले पर मजबूत ढक्कन, रेलिंग या पर्याप्त चेतावनी के इंतजाम होते तो शायद यह हादसा टल सकता था। अब लोग यह भी पूछ रहे हैं कि इस घटना की जिम्मेदारी कौन तय करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsतेज बारिश में खुले नाले में गिरकर फिर एक बच्चे की मौत, पाइप में अटकी मिली लाश