
यूपी में एक और बीएलओ की बिगड़ी तबीयत, SIR डाटा फीडिंग में लगे शिक्षक को पड़ा हार्ट अटैक
लखीमपुर खीरी जिले के बिहारीपुरवा प्राइमरी स्कूल में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक सोमपाल सिंह की तबियत शनिवार दोपहर बाद अचानक बिगड़ गई। उनको हार्ट अटैक पड़ गया।
यूपी में एक बीएलओ की तबीयत बिगड़ गई। एसआईआर के काम में लगे शिक्षक को हार्ट अटैक पड़ गया। इससे पहले भी कुछ शिक्षकों और लेखपालों की तबीयत बिगड़ने और उनकी मौत के मामले सामने आ चुके हैं। लखीमपुर खीरी जिले के बिहारीपुरवा प्राइमरी स्कूल में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक सोमपाल सिंह की तबियत शनिवार दोपहर बाद अचानक बिगड़ गई। वह मतदाता सूचियों के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) में एक बीएलओ के साथ बतौर सहायक काम कर रहे थे। उनकी ड्यूटी डाटा फीडिंग में लगी थी। उनको सीएचसी से लखीमपुर और वहां से आगे लखनऊ भेजा गया। उनको दिल का दौरा पड़ा बताया गया। लखनऊ में उनको भर्ती कराया गया। वहां उनकी हालत में सुधार बताया गया है। साथी टीचरों ने उनकी बीमारी की वजह काम का दबाव बताया। दूसरी तरफ एसडीएम और बीईओ ने काम के दबाव से इंकार किया है।
बिहारीपुरवा प्राइमरी स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सोमपाल सिंह को बीएलओ शाहिदा आजमी के साथ एसआईआर में सहायक के रूप में फार्म फीडिंग में लगाया गया है। शनिवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यही काम करते हुए अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। इस पर चूरा टांडा प्राइमरी स्कूल में तैनात साथी टीचर मुकेश कुमार की मदद से उन्हें सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हार्ट की समस्या बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत नाजुक समझ साथी टीचर और घरवाले उनको लखीमपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। इसके बाद वहां से उन्हें लखनऊ के लारी अस्पताल ले जाया गया। बताया जाता है कि शुक्रवार को भी उनको सीने में दर्द की शिकायत होने पर उन्होंने कस्बे के एक निजी डॉक्टर से दवा ली थी। लखनऊ साथ गए टीचर मुकेश ने बताया कि सोमपाल का इलाज चल रहा है। फिलहाल हालत में सुधार है।
महिला बीएलओ के साथ गाली गलौज का आरोप, मुकदमा दर्ज
निघासन विधानसभा की ग्राम सभा तेलियार के गांव बोकरिहा में एसआईआर को लेकर घर-घर जाकर सर्वेक्षण का काम चल रहा था। बीएलओ ममता कुमारी के मुताबिक संजय सिंह व धर्मेंद्र सिंह के घर जब जानकारी लेने के लिए पहुंची तो उक्त लोगों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। बीएलओ ने घटना की जानकारी सुपरवाइजर लेखपाल जगदीश प्रसाद को दी। सुपरवाइजर ने एसडीएम को मामले की सूचना दी। एसडीएम ने थाना पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने बीएलओ ममता की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। एक आरोपी को गिरफ़्तार कर न्यायालय भेजा गया है। एसडीएम ने सभी बीएलओ को आश्वासन दिया कि बिना दबाव के स्वतंत्रता पूर्वक काम करें, किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है। काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।





