यूपी में एंटी करप्शन का एक और ऐक्शन, 25 हजार की रिश्वत लेते घूसखोर दरोगा गिरफ्तार

Jan 19, 2026 07:40 pm ISTDinesh Rathour सफदरगंज (बाराबंकी)
share Share
Follow Us on

बाराबंकी में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर चौपुला के पास सोमवार की सुबह एंटी करप्शन टीम अयोध्या ने एक दरोगा और उसके साथी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम आरोपी को सफदरगंज थाना ले गई।

यूपी में एंटी करप्शन का एक और ऐक्शन, 25 हजार की रिश्वत लेते घूसखोर दरोगा गिरफ्तार

यूपी के बाराबंकी में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर चौपुला के पास सोमवार की सुबह एंटी करप्शन टीम अयोध्या ने एक दरोगा और उसके साथी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम आरोपी को सफदरगंज थाना ले गई। यहां मुकदमा दर्ज कराने के बाद टीम आरोपी को अयोध्या लेकर चली गई। बताया जा रहा है कि एक मुकदमे में आरोपियों के नाम नहीं बढ़ाने के नाम पर विवेचक दरोगा ने 50 हजार रुपये मांगे थे।

सफदरगंज थाना क्षेत्र के अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर चौपुला के पास एंटी करप्शन टीम ने एक दरोगा व उसके साथी को 25 हजार रुपये के साथ धर दबोचा। टीम आरोपियों को हिरासत में लेकर सफदरगंज थाना ले गई। पकड़े गए आरोपी दरोगा का नाम सुरेश कुमार और सहयोगी का नाम अरशद खुर्शीद बताया जा रहा है। टीम ने दोनों के खिलाफ मुकदमा सफदरगंज थाना में दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि सुरेश कुमार व अरशद खुर्शीद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दरोगा सुरेश कुमार बदोसराय थाना में तैनात है। कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि सोमवार की सुबह वह एक मुकदमें में हाईकोर्ट जाने की बात कह कर यहां से गए थे। इसके बाद की उन्हें जानकारी नहीं है।

यह है मामला

बदोसराय थाना क्षेत्र खलसापुर गांव निवासी विमला देवी पत्नी अनिल सोनी ने पांच अक्टूबर 2025 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि पारिवारिक जमीन की रंजिश को लेकर उनके पट्टीदार सूरज पुत्र राजकुमार व इसके भाई अनूप, ललित पुत्र राजेश व इनके भाई अनुज, ओमकार, राजेश पुत्र राजाराम व इनके भाई राजकुमार और सूरज की पत्नी ने जान से मारने की नियत से लाठी डंडा, लोहे की रॉड व बांका आदि से घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया था। इसमें विमला, इनका भतीजा रवि, देवर अखिलेश, जेठ राजिंदर व जेठ राजकपूर की पत्नी को गाली देते हुए हमला कर दिया था। इसमें वह सभी गंभीर घायल हो गए थे। घायलों को सीएचसी सिरौलीगौसपुर में भर्ती कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को दी गई थी।

25 हजार रुपये एडवांस लेने के लिए बुलाया था

एंटी करप्शन टीम ने बताया कि विवेचक सुरेश कुमार द्वारा विवेचना में कुछ लोगों के नाम और शामिल किये जाने की बात कही जा रही थी। इससे सूरज परेशान था। सूरज ने एंटी करप्शन थाना में संपर्क कर बताया कि पहले से दर्ज मुकदमें में और लोगों के नाम नहीं बढ़ाए जाने के लिए विवेचक सुरेश कुमार द्वारा 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है। इस पर टीम ने योजना बनाई। सूरज से विवेचक सुरेश कुमार की 25 हजार रुपये पहले और 25 हजार रुपये बाद में दिये जाने की बात तय हुई थी। 25 हजार रुपये एडवांस लेने के लिए ही सुरेश कुमार ने सूरज को चौपुला पर बुलाया था। यहां टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ा।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;