बहन के सामने जीजा का ऐलानिया मर्डर, बीवी को परीक्षा दिलाने गया था, पुलिस सुरक्षा में हुई थी शादी

वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर
Follow us on Google News
share

सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सरेआम हुई हॉरर किलिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। परीक्षा देने आई महिला अभ्यर्थी के सामने उसके पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला ने अपने भाइयों, मामा और अन्य रिश्तेदारों पर ऐलानिया कत्ल का आरोप लगाया है।

Angry over love marriage brother in law shot his jija in front of his sister

UP News: यूपी के सहारनपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान मंगलवार को रामपुर मनिहारान में सरेआम हुई हॉरर किलिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। परीक्षा देने आई महिला अभ्यर्थी के सामने उसके पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात परीक्षा केंद्र से करीब 500 मीटर दूर उस समय हुई जब दंपति परीक्षा समाप्त होने के बाद स्कॉर्पियो से वापस लौट रहा था। मृतक की पत्नी ने अपने भाइयों, मामा और अन्य रिश्तेदारों पर ऐलानिया कत्ल का आरोप लगाया है।

शामली के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव खेड़ी बैरागी निवासी 27 वर्षीय शिवकुमार ने 27 फरवरी को गांव की ही रहने वाली 24 वर्षीय आकांक्षा से प्रेम विवाह किया था। परिवार की असहमति के कारण दोनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। कैराना पुलिस की मौजूदगी में विवाह हुआ था। इसके बाद से दोनों मुजफ्फरनगर में रिश्तेदारों के यहां रह रहे थे। मंगलवार को रामपुर मनिहारान स्थित गोचर महाविद्यालय केंद्र पर आकांक्षा की यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा थी। शिवकुमार किराये की स्कॉर्पियो लेकर पत्नी को परीक्षा दिलाने आया था। पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। आरोप है कि परीक्षा केंद्र से कुछ दूरी पर ही छह से अधिक बाइक सवार हमलावरों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया और स्कार्पियो के शीशे से सटाकर गोली चलाई, जो सीधे शिवकुमार को लगी।

पत्नी को बचाने के लिए सामने आ गया शिवकुमार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो को घेरकर हमलावर युवती को गोली मारना चाह रहे थे लेकिन पत्नी को बचाने के लिए शिवकुमार ने उसे नीचे की तरफ धक्का देकर खुद सामने आ गया और हमलावरों की गोली का शिकार हो गया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को पहले सीएचसी रामपुर मनिहारान ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आकांक्षा के परिजनों ने दोनों को जान से मारने की दी थी धमकी

अस्पताल में मौजूद शिवकुमार की पत्नी आकांक्षा ने रोते हुए बताया कि उसके भाइयों और रिश्तेदारों ने पहले भी दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। इन लोगों से बचने के लिए ही दोनों गांव छोड़कर मुजफ्फरनगर में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी अभिषेक सिंह, एसपी सिटी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस हॉरर किलिंग और प्रेम विवाह की रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

इस मामले में डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना अत्यंत गंभीर है। पीड़ित पक्ष की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsबहन के सामने जीजा का ऐलानिया मर्डर, बीवी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने ले गया था