यूपी में पैगम्बर साहब पर अभद्र टिप्पणी के बाद भड़का आक्रोश, मुस्लिम समुदाय ने घेरा थाना, भीड़ पर लाठीचार्ज
शाहजहांपुर में शुक्रवार की देर शाम बवाल हो गया। फेसबुक पर पैगम्बर साहब और कुरआन पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए पोस्ट के बाद शुक्रवार की देर शाम पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।

यूपी के शाहजहांपुर में शुक्रवार की देर शाम बवाल हो गया। फेसबुक पर पैगम्बर साहब और कुरआन पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए पोस्ट के बाद शुक्रवार की देर शाम पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया। मुस्लिम समाज के पांच हजार से अधिक लोगों ने सदर थाने का घेराव कर लिया। कानून व्यवस्था बिगड़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को संभाला। वहीं टिप्पणी करने वाले आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार शहर के केके दीक्षित नामक युवक ने पैगम्बर साहब और कुरआन पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए फेसबुक पर भद्दी-भद्दी गालियां लिख दीं। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर फैलते ही मुस्लिम समाज में आक्रोश भड़क उठा। विरोध स्वरूप मुस्लिम समाज के कुछ युवकों ने भी देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। धीरे-धीरे मामला गरमाता गया और अंदर ही अंदर रणनीति बनाकर हजारों लोग सदर थाने की ओर कूच कर गए। देखते ही देखते सदर थाने का घेराव कर लिया गया।
गुस्साए लोग आरोपी युवक को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। थाने के अंदर आरोपी केके दीक्षित को देख भीड़ और उग्र हो गई। थाने गेट पर ‘सौंप दो-सौंप दो आरोपी को सौंप दो’ के नारे गूंजने लगे। भीड़ का दबाव बढ़ता गया और लोगों ने थाने में घुसकर आरोपी को कब्जे में लेने का प्रयास करने लगे। इस दौरान सदर थाने के आसपास की सड़कें पूरी तरह जाम हो गईं। दुकानदारों ने तेजी से शटर गिरा दिए, होटल और रेस्त्रां मालिकों ने भी अपने-अपने दरवाजे बंद कर दिए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को काफी देर तक समझाने की कोशिश की। यहां तक कि मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं को भी बुलाकर माहौल शांत कराने का प्रयास हुआ, लेकिन गुस्साई भीड़ आरोपी को पुलिस हिरासत से निकालने पर अड़ी रही। कानून व्यवस्था पर खतरा बढ़ता देख पुलिस-प्रशासन ने मोर्चा संभाला। जब स्थिति काबू से बाहर जाती दिखी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
लाठीचार्ज होते ही भीड़ तितर-बितर हो गई। थाने और आसपास की सड़कों पर भगदड़ का माहौल बन गया। मौके पर एक हजार से अधिक जोड़ी चप्पलें बिखरी पड़ी दिखीं। 50 से अधिक बाइकों को भीड़ ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बीच एक युवक के पैर में चोट भी लग गई जो घटनास्थल पर कराहते हुए देखा गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार और सीओ सदर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ध्वनि विस्तारक यंत्र से लगातार बाइक और अन्य वाहन थाने क्षेत्र से हटवाने की अपील की जाती रही। रात साढ़े दस बजे तक सदर थाने के आसपास मुस्लिम समाज के लोगों का जमावड़ा रहा। पुलिस की सख्ती और लाठीचार्ज के बाद हालात धीरे-धीरे काबू में आ सके। हालांकि देर रात तक तनाव बरकरार रहा।
शाहजहांपुर एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया, एक युवक ने फेसबुक पर पोस्ट के माध्यम से शहर में धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश की थी। उसपर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पोस्ट डिलिट करा दी गई है। शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम है। लोगों को अफवाहों से दूर रहने की जरूरत है। शहर का माहौल बिल्कुल ठीक है।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट
पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर
यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका
(डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर
आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और
डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल
वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।
पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब
एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो
उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने
करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में
प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी
है।


