Amroha News: स्टंटबाज ने कान पकड़कर मांगी माफी, कार सीज
Amroha News: रजबपुर क्षेत्र में एक युवक को हाईवे पर दौड़ती कार से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे वीडियो के आधार पर पकड़ा। युवक ने माफी मांगी और भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया। पुलिस ने कार को सीज कर दिया और जुर्माना लगाया। एसपी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

Amroha News: रजबपुर क्षेत्र में हाईवे पर दौड़ती कार से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करने वाले युवक को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की गिरफ्त में आते ही उसके सुर बदल गए। भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का वादा कर उसने कान पकड़कर माफी मांगी। पुलिस ने जुर्माना लगाकर कार को सीज कर दिया। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक रजबपुर क्षेत्र में हाईवे पर दौड़ती कार से बाहर निकलते हुए अपनी व दूसरे लोगों की जान जोखिम में डालकर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहा था।
वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा गजरौला के मोहल्ला अतरपुरा निवासी कार चालक समीर को गिरफ्तार किया गया। यातायात पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत कार का चालान करते हुए जुर्माना लगाया और कार को सीज कर दिया। बाद में यातायात पुलिस ने चालक समीर और कार को रजबपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एसपी ने सड़कों पर स्टंटबाजी न करने की हिदायत दी। कहा कि यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं है बल्कि इससे अपनी और अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डाला जाता है। इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


